चालान तो करूंगा, चाहे तू प्रधानमंत्री से… हरियाणा में बैंक मैनेजर से भिड़ा SI, थमा दिया 8000 का कागज

हांसी: हरियाणा के हांसी से एक अजब-गजब मामला सामने आया. एक सब इंस्पेक्टर अपनी वर्दी का रौब दिखाता हुआ दिखा. दरअसल, पुलिस चैकिंग के दौरान इंस्पेक्टर और बैंक के सीनियर मैनेजर के बीच तीखी बहस हो गई. मैनेजर ने कहा कि उसके पास सारे कागज है तो चालान क्यों किया जा रहा. इस पर एसआई गुस्से में आ गया और बोला कि चालान तो करूंगा, चाहे ती पीएम से ही शिकायत कर दे. फिर उसका 8000 रुपये का चालान कर दिया.

मामला शनिवार शाम करीब साढ़े 4 बजे का बताया जा रहा है. हांसी की अनाज मंडी चौकी के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर (SI) धर्मबीर सिंह का वीडियो वायरल हुआ है. वो इंडियन बैंक के सीनियर मैनेजर विक्रांत बामल से बहस करते दिख रहे हैं. मामला चालान काटने का है, जिसमें वो तैश में आते दिख रहे हैं. बैंक मेनेजर कहीं जा रहा था. तभी एसआई ने उसे रोक लिया. इस पर बैंककर्मी ने अपनी गाड़ी के सारे कागजात दिखाए. मगर, एसआई ताव दिखाने लगा. इस पर मैनेजर ने अपना फोन निकालकर वीडियो बनाना शुरू कर दिया. वीडियो बनाते देख एसआई और भड़क गया. अपने साथी पुलिसकर्मी से कहने लगे कि इसका पुलिस का आदेश न मानने का भी चालान कर.

बैंक मैनेजर ने इस वीडियो को जब सोशल मीडिया पर डाला तो ये तेजी से वायरल होने लगा. वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए और यह कहते हुए सुनाई दे रहा है, ‘चाहे प्रधानमंत्री तक शिकायत कर दो, कुछ नहीं होगा.’ इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में भारी नाराजगी है. वीडियो को लाखों बार देखा जा चुका है और हजारों लोगों ने पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, घटना के बाद जब SI से पक्ष जानना चाहा तो उन्होंने बात करने से ही इनकार कर दिया. बैंक मैनेजर ने कहा कि कार में उनकी माता, पत्नी और छोटे बच्चे भी मौजूद थे, जो पुलिसकर्मी की ऊंची आवाज सुनकर घबरा गए.

बहस के बाद बैंक मैनेजर विक्रांत बामल का 8000 रुपये का चालान किया गया था, जिसमें 5000 बिना ड्राइविंग लाइसेंस, 2000 पुलिस अधिकारी के आदेश न मानने और 1000 सीट बेल्ट न लगाने को लेकर किया गया है. घटना के बाद विक्रांत बामल ने मामले की लिखित शिकायत SP को देने का फैसला किया है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है.