हरियाणा में बड़े स्तर पर 27 जजों का ट्रांसफर किया गया है। हाईकोर्ट ने इसे लेकर लिस्ट भी जारी कर दी है।

हरियाणा में बड़े स्तर पर जजों का ट्रांसफर किया गया है। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट की तरफ से जारी लिस्ट में 27 न्यायिक अधिकारियों के नाम शामिल है। ट्रांसफर ऑर्डर के तहत ऐसा कहा जा रहा है कि लिस्ट में 18 नंबर पर मनीष दुआ को छोड़कर दूसरे अधिकारियों को अपने मौजूदा कार्यभार को तुरंत छोड़कर नई जिम्मेदारी संभालनी होगी। वहीं मनीष दुआ का ट्रांसफर अगले महीने होगा और उन्हें 3 नवंबर को नई जिम्मेदारी के साथ नियुक्त किया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक ट्रांसफर ऑर्डर में यह भी कहा गया है कि संबंधित जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि अगर कोई अधिकारी सांसदों, विधायकों के मामलों को देख रहा है, तो ऐसे मामलों को वहां निर्धारित अगली तारीख से पहले ही उचित क्षेत्राधिकार वाले किसी दूसरे न्यायालय को सौंप दिया जाना चाहिए।

हाईकोर्ट के आदेश में क्या कहा गया ?

पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश में यह भी कहा गया है कि पंचकूला, फरीदाबाद और गुरुग्राम में खास तौर से पॉक्सो अधिनियम के तहत अपराधों की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट को स्थापित किया गया है। इस स्पेशल कोर्ट की स्थापना का आदेश चाइल्ड रेप की बढ़ रही घटनाओं को ध्यान में रखकर स्वत: संज्ञान लेते हुए सुप्रीम कोर्ट की तरफ से दिया गया था।