सिरसाः हनी ट्रैप करने के मामले में सिरसा पुलिस ने एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली और गैरकानूनी धंधा करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने ये कार्रवाई की है. सभी आरोपियों को सिरसा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया गया है. कोर्ट में पेशी के बाद तीनों आरोपियों को पूछताछ के लिए 3 दिन की पुलिस रिमांड हासिल की गई है. पूरा मामला हनीट्रैप के मामले में फंसाकर ब्लैकमेल कर 20 लाख रुपए की ठगी से जुड़ा है. पूछताछ के बाद केस से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी.
9 नवंबर को पीड़ित ने की थी शिकायतः इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए शहर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि “बीते 9 नवंबर 2025 को सिरसा के महावीर कॉलोनी में रहने वाले पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी थी. शिकायत में बताया गया कि करीब 11 बजे उसके मोबाइल फोन पर पूजा नाम की एक महिला की कॉल आया. उसने कहा कि आपके परिचित राजेश कुमार पुत्र कुलदीप निवासी डाटा जिला हिसार मेरे पास आए हुए हैं, उसको आपसे मिलना है. आप सुर्खाब चौक पर आ जाइए.”
पुलिस की जुबानी पीड़ित की कहानीः आगे उन्होंने बताया कि “कुछ समय बाद पीड़ित व्यक्ति ने सुर्खाब चौक पर पहुंचकर फोन किया तो महिला ने बताया कि हम ऑटो मार्केट में खड़े हैं. पीड़ित व्यक्ति ने ऑटो मार्केट में पहुंचकर कहा कि राजेश कुमार कहां है तो महिला उसके स्कूटर पर बैठ गई और कहा कि पास के मकान में हैं. पीड़ित व्यक्ति ने बताया कि उक्त महिला उसे एक अनजान घर पर ले गई जहां पहले से ही एक महिला मौजूद थी. दूसरी महिला सहित मुझे कमरे में बैठा दिया, फिर पीड़ित व्यक्ति ने पूछा कि राजेश कुमार कहां है तो महिला ने कहा कि हम दोनों पहले मस्ती कर लेते हैं. थोड़ी देर में राजेश आ जाएगा.”
कुछ इस तरह जाल में फंसायाः पीड़ित ने पुलिस को बताया कि “पूजा और एक अन्य महिला ने मेरे कपड़े उतार दिए और कमरा अंदर से बंद कर लिया. इतनी देर में एक नौजवान लड़का आया और बिना कपड़ों के मेरा वीडियो बनाने लगा. थोड़ी देर में दो नौजवान युवक और आए और मेरे साथ मार पीट कर अभद्र व्यवहार करने लगे. उन लोगों ने मेरा मोबाइल फोन छीन लिया और 20 लाख रुपए की डिमांड करने लगे. इस दौरान उन लोगों ने धमकाया कि यदि पैसे नहीं दिए तो वीडियो तुम्हारे परिवार वालों को भेज देंगे. ये कहकर वे मुझे ब्लैकमेल करने लगे.”
10 नवंबर को पीड़ित को किया गया था अगवाः शहर थाना प्रभारी ने बताया कि “10 नवंबर 2025 को फ्लाईओवर सिरसा के नीचे से पीड़ित व्यक्ति को अगवा कर लिया गया और लगातार उस पर पैसे देने के लिए दबाव बनाते रहे. पीड़ित व्यक्ति का एटीएम कार्ड छीनकर कैश निकलवा लिया गया. उसके बाद प्लॉट के कागजात जबरदस्ती छीनकर सरकारी रेट पर बेचकर 16 लाख 61 हजार रुपए की जबरन वसूली कर ली है. शहर थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति की शिकायत के आधार पर थाना शहर सिरसा में ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी.”
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी जल्दः थाना प्रभारी ने कहा कि “जांच के दौरान थाना शहर सिरसा की कीर्ति नगर पुलिस चौकी ने कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त हांसी जिला के डाटा गांव निवासी राजेश कुमार और बाजेकां गांव निवासी दलबीर सिंह और एक महिला को प्रोडक्शन वारंट लेकर गिरफ्तार किया है. तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड पर लिया गया. रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर घटना में संलिप्त अन्य आरोपियों की पहचान की जाएगी. जो भी व्यक्ति इस मामले में लिप्त पाये जायेंगे, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी.”