हरियाणा में USA में बैठे बेटे ने शूटर्स से कराया कत्ल, 25 साल बाद बाप की बेइज्जती का बदला लिया

कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में 2 परिवारों के बीच 2001 में शुरू हुई रंजिश 25 साल बाद भी खत्म होने का नाम नहीं ले रही। नेताजी कॉलोनी के रामबीर शर्मा का परिवार और जयकुमार निवासी हथीरा के खानदान के बीच दुश्मनी की कहानी एक शादी से शुरू हुई।

जयकुमार ने एक महिला को भगाकर शादी कर ली थी। ये शादी दोनों परिवारों के लिए जहर की तरह थी। इसे लेकर लड़ाई-झगड़ा भी हुआ। मार-पिटाई के बीच जयकुमार ने रामबीर शर्मा को गहरी चोट मार दी। इस पर पुलिस ने जयकुमार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया, जिसमें उसे जेल तक जाना पड़ा।

यह केस आज भी चल रहा है। जयकुमार ने खूब जोर लगाया कि रामबीर इस मामले को वापस ले ले। अब उसे सजा होने वाली थी लेकिन रामबीर नहीं माना। यही वजह थी कि साल दर साल बीतते रहे, लेकिन रंजिश चलती रही।

जयकुमार की इस टेंशन में उसका बेटा विशाल भी शामिल हो गया। विशाल भगाकर ले जाई गई महिला का ही बेटा है। हालांकि, जयकुमार उसे अमेरिका भेज चुका था, लेकिन वहां भी उसके दिल में बदले की आग शांत नहीं हुई।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जयकुमार को पता चला कि 25 साल पुराने मामले में जल्द ही फैसला आने वाला है, इसलिए जयकुमार ने एक बार फिर रामबीर को मनाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सका। इससे विवाद और गहरा गया। कोई चारा न बचता देख अमेरिका में बैठे जयकुमार के बेटे विशाल ने रामबीर की हत्या की प्लानिंग रच डाली।