हरियाणा में नशीली गोलियों से नहीं मरी सास तो बहू ने तकिये से घोंटा गला

यमुनानगर: यमुनानगर के थाना छप्पर क्षेत्र के गांव हरगढ़ में हुई बुजुर्ग महिला की रहस्यमयी मौत से आखिरकार पुलिस ने पर्दा उठा दिया है. करीब 6 महीने तक चली जांच के बाद पुलिद ने खुलासा किया कि यह कोई स्वाभाविक मौत नहीं, बल्कि बहू और उसके प्रेमी की ओर से रची गई सोची-समझी हत्या की साजिश थी. पुलिस ने आरोपी बहू शिवानी और उसके प्रेमी राजेश को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस के अनुसार 19 जुलाई 2025 को गांव हरगढ़ में एक बुजुर्ग महिला की मौत हुई थी. शुरुआत में परिवार और आसपास के लोगों को यह सामान्य मौत लगी, लेकिन कुछ परिस्थितियों ने पुलिस को शक में डाल दिया. इसके बाद मामला ब्लाइंड मर्डर में बदल गया. अपराध शाखा ने तकनीकी सबूतों, कॉल डिटेल्स और गहन पूछताछ के जरिए एक-एक कड़ी जोड़ी और आखिरकार सच्चाई सामने आ गई.

पहले नशीली गोलियां दी, फिर तकिये से गला घोंटा
जांच में सामने आया कि शिवानी ने अपने प्रेमी राजेश के साथ मिलकर सास की हत्या की योजना बनाई थी. पुलिस के मुताबिक राजेश ने शिवानी को नशीली गोलियां दीं, जिन्हें सास को खिलाया गया. जब नशीली गोलियों का असर नहीं हुआ और बुजुर्ग महिला की मौत नहीं हुई, तो शिवानी ने तकिये से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. पुलिस का कहना है कि यह हत्या बेहद निर्ममता से की गई.

प्रेम प्रसंग में रोड़ा बनी थी सास
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि शिवानी और राजेश के बीच शादी से पहले से प्रेम संबंध थे. शादी के बाद भी दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत जारी थी. शिवानी की सास इस रिश्ते के बीच रोड़ा बन रही थी और फोन पर बात करने से अक्सर उसे टोकती थी. यही बात शिवानी को नागवार गुजरती थी और धीरे-धीरे उसने सास को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली.

बच्चे के जन्म के बाद बढ़ा घरेलू विवाद
शादी के करीब 8 महीने बाद शिवानी ने एक बेटे को जन्म दिया. इसके बाद उसके पति जितेंद्र को शक हुआ कि बच्चा उसका नहीं है. इसी बात को लेकर घर में विवाद बढ़ गया. जितेंद्र ने शिवानी से राजेश से बात न करने को कहा, जिस पर उसने हामी तो भर दी, लेकिन पति के फैक्ट्री में काम पर जाने के बाद दोनों फिर से बात करने लगे. सास को इसकी भनक लग गई थी, जिससे तनाव और बढ़ गया.

इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए डीएसपी आशीष चौधरी ने बताया कि यह एक सुनियोजित हत्या थी. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. डीएसपी ने कहा कि यह केस पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण था, लेकिन टीम की मेहनत से सच्चाई सामने लाई जा सकी. घटना के खुलासे के बाद गांव हरगढ़ में सन्नाटा पसरा हुआ है. लोग इस बात से हैरान हैं कि एक बहू अपने प्रेमी के साथ मिलकर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकती है. फिलहाल दोनों आरोपी जेल में हैं और पुलिस मामले से जुड़े हर पहलू की गहन जांच कर रही है.