कुरुक्षेत्र। ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कुरुक्षेत्र में चल रहे कांग्रेस के दो राज्यों के प्रशिक्षण शिविर पर कमेंट करते हुए कहा कि यह टूटी-फूटी कांग्रेस है, अपने टुकड़ों को जोड़ने की कोशिश कर रही है।
वे शुक्रवार को पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। अनिल विज महंत चिरंजी पुरी महाराज के 96वें जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने आए हुए थे।
पंजाब के हालात और विज द्वारा किए ट्वीट पर पूछे गए सवाल के जवाब में अनिल विज ने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार में इंदिरा गांधी की आत्मा आ गई है।
इंदिरा गांधी ने भी मीडिया पर प्रतिबंध लगा दिए थे, इमरजेंसी लगा दी थी। पंजाब में भी ऐसा प्रतीत हो रहा है कि इमरजेंसी लग गई हो और लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा हो। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करे, लेकिन उसका दुरुपयोग किसी को डराने या चुप कराने के लिए नहीं होना चाहिए।