हरियाणा में बड़ा हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से युवती का कटा पैर

हिसार : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा के हिसार में ट्रेन की चपेट में आने से 22 साल की युवती का पैर कट गया। जानकारी के मुताबिक, हादसा बुधवार को शाम करीब 6 बजे घोड़ा फॉर्म रोड के नजदीक हुआ। चश्मदीदों का कहना है कि लड़की रेलवे ट्रैक को पार कर रही थी। इसी दौरान वह सिरसा से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गई।

सूचना पाकर मौके पर गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) पहुंची। पुलिस युवती को नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचीं। यहां गंभीर हालत को देखते हुए उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। लेकिन परिजन उसे प्राइवेट अस्पताल ले गए। जहां उसका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि लड़की हरियाणा पुलिस के SI के मामा की लड़की है।

मिली जानकारी के अनुसार, लड़की को प्राइवेट अस्पताल ले जाने पर जीआरपी ने उसके परिजनों से संपर्क किया। मगर परिजनों ने कहा कि यह उनका घरेलू मामला है। इसके बाद उन्होंने फोन स्विच ऑफ कर लिया।