वर्दी में सिगरेट के धुएं के छल्ले उड़ाकर रील बनाना पड़ा भारी, हरियाणा के नूंह में होमगार्ड का जवान सस्पेंड

नूंह: हरियाणा के नूंह जिले में इन दिनों होमगार्ड के जवानों में सोशल मीडिया पर वर्दी में रील बनाने का खुमार चढ़ा हुआ है। होमगार्ड वर्दी पहनकर न केवल मेवाती गानों पर वीडियो रिकॉर्ड करते हैं, बल्कि वायरल होने के लिए वर्दी पहनकर हाथों में सिगरेट के धुएं के छल्ले उड़ाते है। मामला सोशल मीडिया पर जैसे ही नूंह पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अर्पित जैन के संज्ञान में आया तो उन्होंने तुरंत वीडियो की जांच कराई और होमगार्ड को निलंबित कर दिया गया। नूंह पुलिस की इस पहल की लोग जमकर सराहना कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव है होमगार्ड शेखावत
जानकारी के मुताबिक, नूंह पुलिस में कार्यरत होमगार्ड शेखावत सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव है। शेखावत को होमगार्ड विभाग की तरफ से दो स्टार मिले हुए हैं। इसी वजह से उन्होंने अपनी फेसबुक आईडी एसआई शेखावत के नाम से बनाई हुई है। शेखावत के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अधिकतर वीडियो वर्दी में हवाबाजी करते हुए देखे जा सकते है। शेखावत वर्दी में जम्मू कश्मीर में भी घूमते हुए नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही वर्दी में दोस्तों के साथ सिगरेट के छल्ले भी छोड़ने नजर आ रहे हैं। जिले में सोशल मीडिया पर रील बनाने वाले एक दर्जन से अधिक होमगार्ड एक्टिव हैं। जिनके ऊपर पुलिस की कड़ी नजर है।

वर्दी की गरिमा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा: नूंह एसपी
नूंह एसपी डॉ अर्पित जैन ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अनुशासनहीनता और वर्दी की गरिमा से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हाल ही में सोशल मीडिया पर गृहरक्षी शेखावत वर्दी में आम नागरिकों के साथ सिगरेट पीते हुए तथा मेवाती एवं अन्य गानों पर वीडियो वायरल करने का मामला संज्ञान में आया। इस पर तत्काल सख्त कार्रवाई करते हुए हरियाणा गृहरक्षी शेखावत को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि वर्दी की गरिमा सर्वोपरि है ।