‘मम्मी-पापा माफ कर देना, मैं दादा के पास जा रही’, गुरुग्राम के जोहड़ में मिला 11वीं की छात्रा का शव

गुरुग्राम. हरियाणा के गुरुग्राम से स्कूल ड्रेस पहनकर रात में घर से लापता हुई 11वीं की छात्रा का शव मिल गया है. 16 साल की नेहा 11 फरवरी की रात को लापता हो गई थी. उसकी डेड बॉडी गांव के पास एक जोहड़ में फंसी मिली. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा दिया है. पुलिस को इसका सुराग छात्रा की डायरी से मिला. घर में उसके कमरे से मिली डायरी में लिखा था- “मम्मी-पापा, मुझे माफ कर देना. मैं दादा के पास जा रही हूं. मुझे तलाश मत करना. अगर तलाश करनी ही है तो श्मशान वाले जोहड़ में तलाश लेना.”

डायरी में लिखे इन शब्दों से पुलिस और परिवार के लोग जोहड़ पर पहुंचे, जहां कीचड़ में छात्रा की डेडबॉडी फंसी थी. शव देख परिवार के लोग बिलख पड़े. पुलिस ने बॉडी को बाहर निकलवाया और पोस्टमॉर्टम के बाद परिवार के सुपुर्द कर दिया. 16 साल की नेहा रात में अचानक घर से लापता हो गई थी. परिजन सुबह उठे तो वह अपने कमरे में नहीं मिली. उसकी स्कूल ड्रेस भी वहां नहीं थी. परिवार ने आसपास खूब तलाशा लेकिन लेकिन सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई.

क्लासमेट से मिला सुराग
परिवार से पूछताछ के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले. कैमरे में नेहा अकेले जाती दिखी. एक फुटेज में मोबाइल पर भी बात करती दिख रही है. पुलिस को उसके क्लासमेट ने बताया कि छात्रा ने उससे कहा था, “मैं बहुत परेशान हो गई हूं. अब मैं यहां रहना नहीं चाहती.” इसके बाद परिवार ने अपनी इकलौती बेटी का सुराग देने वाले को एक लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की. डायरी पढ़ने के बाद अब उसका शव मिला है.