हरियाणा में इस दिन से फिर एक्टिव होगा मानसून, होगी झमाझम बारिश, भीषण गर्मी से मिलेगी राहत

फरीदाबाद: फरीदाबाद की गलियों में इन दिनों मानो आग बरस रही हो. बीते सात दिनों से बारिश की एक बूंद भी नहीं गिरी और तेज चटक धूप के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं ने मौसम को और भी शुष्क बना दिया है. हालात ऐसे हैं जैसे जून-जुलाई की तपिश लौट आई हो. सुबह से ही आसमान आग उगल रहा है और दोपहर तक सड़कों पर निकलना किसी सजा से कम नहीं लगता. लोग पसीने से तर-बतर हैं और बिजली कटौती ने राहत की उम्मीदों पर और पानी फेर दिया है.

हालांकि कहते हैं न कि सुख के बाद दुख और दुख के बाद सुख आता है. मौसम विभाग की मानें तो फरीदाबाद समेत पूरे हरियाणा में अब जल्द ही राहत की बरसात होने वाली है. अभी 15 सितंबर तक लोगों को गर्मी और उमस झेलनी पड़ेगी, लेकिन 16 सितंबर से आसमान में फिर से काले बादल घिरेंगे और झमाझम बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है. इसका मतलब है कि चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी से लोगों को छुटकारा मिलने वाला है.

कृषि मौसम विज्ञान विभाग चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 16 सितंबर से मानसून एक बार फिर सक्रिय होगा. इसके बाद हरियाणा के अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, पानीपत और सोनीपत में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. अगर यह पूर्वानुमान सही साबित हुआ तो मानसून की विदाई 25 सितंबर के बाद ही होगी.

इससे पहले आज यानी 13 सितंबर को हरियाणा में हल्की बारिश की संभावना है और तापमान 25 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है. 14 सितंबर को आसमान में बादल जरूर मंडराएंगे, लेकिन बारिश की गुंजाइश नहीं है. वहीं तापमान 31 डिग्री तक पहुंच सकता है. 15 सितंबर को तो गर्मी और ज्यादा तंग करेगी और पारा 33 डिग्री तक जा सकता है. इसके बाद ही 16 सितंबर को मौसम करवट लेगा. ठंडी हवाओं और बारिश के साथ मौसम सुहाना होने लगेगा. 17 और 18 सितंबर को कई इलाकों में बादल बरस सकते हैं, जबकि 19 सितंबर तक मौसम खुशनुमा बने रहने की उम्मीद है.

यानी फिलहाल फरीदाबाद समेत पूरे दिल्ली-एनसीआर के लोगों को कुछ और दिन आग उगलती धूप और उमस भरी हवाओं से जूझना पड़ेगा. लेकिन 16 सितंबर से आसमान से राहत की फुहारें गिरेंगी और फिर से मौसम कूल-कूल हो जाएगा. अब सबकी नजरें बादलों पर है.