हरियाणा के सोनीपत के गोहाना शहर की देवीनगर कॉलोनी में एक 23 वर्षीय युवती की तेजधार हथियार से हत्या कर दी गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. मृतका युवती की शादी नहीं हुई है और शक है कि पिता अनिल ने उसका गला रेता है.
जानकारी के अनुसार, युवती नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी. पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. बताया जा रहा है कि हत्या के पीछे घरेलू कलह या प्रेम प्रसंग को लेकर शक की बात सामने आ रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा.
घटना की गंभीरता को देखते हुए जितेंद्र गहलावत (डीसीपी, गोहाना) भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि पुलिस को एक युवती की हत्या की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया गया है. मामले की गहनता से जांच की जा रही है. वार्ड 3 के पार्षद नरेंद्र कुमार ने बताया कि युवती की उम्र करीब 23 वर्ष थी और हत्या के आरोप उसके पिता पर हैं. फिलहाल पुलिस जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के सही कारणों का पता चल पाएगा.
पुलिस पर भी सवाल
गौर रहे कि सुबह पिता से विवाद के चलते युवती ने पुलिस को घर बुलाया था. इस पर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची थी. दोनों आधा को समझाया और फिर घर से चली गई. हालांकि, पुलिस के जाते ही आरोपी पिता ने हत्या कर दी. फिलहाल, पुलिस ने ट्रांसपोटर पिता को गिरफ्तार कर लिया.