करनाल: करनाल में हरियाणा पुलिस अब नई अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग कर बड़े से बड़े आंदोलनों और प्रदर्शनों से चंद मिनटों में निपटने में सक्षम होगी, वह भी न्यूनतम पुलिस बल के प्रयोग के साथ। शनिवार को करनाल स्थित हरियाणा पुलिस अकादमी, मधुबन में डीजीपी शत्रुजीत कपूर की मौजूदगी में ड्रोन ड्रिल शो का मॉक डेमो प्रस्तुत किया गया।
ड्रोन तकनीक से ऐसे निपटेगे प्रदर्शनकारियों से
इस ड्रोन ड्रिल में दिखाया गया कि कैसे नवीनतम ड्रोन तकनीक का उपयोग करके प्रदर्शनकारियों के पास जाए बिना उन्हें एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) के अनुसार नियंत्रित किया जा सकता है. ड्रोन में लगे पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम के जरिए पहले चेतावनी दी जाती है, फिर जरूरत पड़ने पर ड्रोन से इंक स्प्रे कर पहचान चिन्हित की जाती है. इसके बाद जरूरत पड़ने पर ड्रोन से ही आंसू गैस के गोले भी दागे जा सकते हैं.
ड्रोन तकनीक के माध्यम बिना बल के प्रयोग से स्थिति को किया जाएगा नियंत्रित
डीजीपी कपूर ने बताया कि यह प्रणाली पिछली घटनाओं के अनुभव के आधार पर तैयार की गई है. डीजीपी ने कहा हमारा उद्देश्य है कि भविष्य में लाठीचार्ज और भारी बल प्रयोग की आवश्यकता न पड़े. तकनीक के माध्यम से हम दूर से ही स्थिति को नियंत्रित कर सकते हैं.
ड्रोन तकनीक से होगी अपराधियों की पहचान
डीजीपी ने यह भी बताया कि यह तकनीक अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में भी कारगर साबित होगी. डीजीपी ऑपरेशन सिंदूर का उदाहरण देते हुए कहा कि अब टेक्नोलॉजी के जमाने में पुलिस कार्य और भी प्रभावशाली और सुरक्षित बनाए जा सकते हैं.