हरियाणा के कई जिलों में पेट्रोल-डीजल सप्लाई बिगड़ी, पंपों पर लगी लंबी कतारें

हिसार/पानीपत। पश्चिम एशिया के हालात के बीच हरियाणा के कुछ जिलों में पेट्रोल-डीजल की सप्लाई प्रभावित होने लगी है, जबकि कई स्थानों पर आशंका के चलते मांग अचानक बढ़ गई है। फतेहाबाद और हिसार में बीपीसीएल व एचपीसीएल के पंपों पर दो-तीन दिन से पर्याप्त सप्लाई नहीं पहुंचने से कई पंप ड्राई होने की स्थिति में हैं। यहां इमरजेंसी कोटा से काम चलाया जा रहा है। वहीं, यमुनानगर में खपत सामान्य से करीब 50 प्रतिशत बढ़ गई है और पंपों पर वाहनों की कतारें लग रही हैं। चरखी दादरी और कुरुक्षेत्र में आपूर्ति सामान्य है।

पेट्रोल-डीजल को लेकर हालात
ग्राउंड स्थिति: फतेहाबाद में खुशीराम और मांझू पेट्रोल पंप पर तेल खत्म होने के बाद अन्य पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ गई। आर्डर के बाद तीन दिन तक सप्लाई नहीं मिलने से स्टाक खत्म होने की स्थिति बनी। संचालकों के अनुसार बीपीसीएल के 31 और एचपीसीएल के 42 पंप सबसे अधिक प्रभावित हैं, जबकि इंडियन आयल के पंपों पर स्थिति सामान्य है।

आशंका से बढ़ी मांग: यमुनानगर में रेट बढ़ने और सप्लाई रुकने की आशंका के चलते उपभोक्ता जरूरत से अधिक तेल भरवा रहे हैं। सामान्य दिनों की तुलना में खपत करीब 50 प्रतिशत बढ़ी है। कई पंपों पर टंकी फुल कराने और बल्क में तेल देने पर रोक लगाई गई है।

मिश्रित स्थिति: चरखी दादरी में 82 पंपों पर सप्लाई सामान्य है, यहां प्रतिदिन करीब 3.20 लाख लीटर डीजल की खपत है। कुरुक्षेत्र में भी सामान्य आपूर्ति के बीच गेहूं कटाई के कारण डीजल की मांग बढ़ी है। प्रशासनिक पक्ष: प्रशासन का कहना है कि पैनिक के कारण दबाव बना है,। नई सप्लाई पहुंचते ही स्थिति सामान्य हो जाएगी। खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने फतेहाबाद जिले की स्थिति स्वयं अधिकारियों से जानी है।