Schools Closed: 25 नवंबर को दिल्ली-हरियाणा के स्कूल रहेंगे बंद, सरकारी छुट्टी का ऐलान

चंडीगढ़: श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस की गरिमा और उनके अमर बलिदान को याद करते हुए, हरियाणा और दिल्ली सरकार ने 25 नवंबर 2025 (मंगलवार) को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है.

25 नवंबर 2025 को सरकारी छुट्टी सभी सरकारी विभागों, बोर्डों, निगमों, शैक्षणिक संस्थानों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर लागू होगा. चंडीगढ़ प्रशासन का कहना है कि यह दिन समाज को एकजुटता, त्याग और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है.

इसी क्रम में दिल्ली सरकार ने भी गुरु तेग बहादुर साहिब जी की 350वीं शहीदी वर्षगांठ के पावन अवसर पर 25 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश रखने का निर्णय लिया है. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर इस बात की जानकारी दी कि दिल्ली के सभी सरकारी ऑफिस, स्कूल और अधीनस्थ संस्थान 25 नवंबर को बंद रहेंगे.

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा, गुरु साहिब का साहस, करुणा और आस्था की स्वतंत्रता का शाश्वत संदेश हमारी सामूहिक यात्रा में हमारा मार्गदर्शन और प्रेरणा करता रहे. दोनों सरकारों का कहना है कि गुरु तेग बहादुर जी का बलिदान केवल सिख इतिहास के लिए ही नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के लिए भी अमूल्य है. उनके सत्य, मानवाधिकार और धार्मिक स्वतंत्रता के संदेश को आगे बढ़ाने के लिए यह अवकाश लोगों को चिंतन और स्मरण का अवसर देता है.