हरियाणा में सर्दी अब पूरी तरह दस्तक दे चुकी है। शनिवार को हिसार और महेंद्रगढ़ जिले का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है। वहीं, शिमला का तापमान 9 डिग्री रहा, यानी हरियाणा में अब पहाड़ों जैसी ठंड महसूस की जा रही है।
पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ी ठंड
उत्तर भारत के पर्वतीय इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी और बारिश के कारण हरियाणा के मैदानी क्षेत्रों में ठंड तेजी से बढ़ रही है। सुबह और रात में ठंडी हवाएं कंपकंपी छुड़ा रही हैं। पिछले तीन दिनों से राज्य में दिन और रात दोनों के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।
तापमान में और गिरावट के आसार
उत्तर-पश्चिमी हवाओं की गति बढ़ने से मौसम वैज्ञानिकों ने अनुमान लगाया है कि आने वाले दिनों में रात का तापमान और नीचे जा सकता है। इससे सुबह के समय कोहरा और ठंड दोनों का असर बढ़ेगा।
13 नवंबर तक खुश्क रहेगा मौसम
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, हरियाणा में 13 नवंबर तक मौसम सामान्यतः शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर व उत्तर-पश्चिमी दिशा से हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलती रहेंगी।
दिन और रात का तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक दिन का तापमान: 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। रात का तापमान 7 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। कहीं-कहीं हल्के बादल भी छा सकते हैं, जिससे सुबह-शाम ठंड का एहसास और बढ़ जाएगा।
किसानों को मिली सलाह
डॉ. मदन खीचड़ ने किसानों को गेहूं की बिजाई जल्द पूरी करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि इस समय मौसम गेहूं की फसल के लिए अनुकूल है। साथ ही उन्होंने बताया कि सरसों की फसल में किसी भी बीमारी के लक्षण दिखने पर किसान नजदीकी कृषि विज्ञान केंद्र से सलाह लेकर उचित उपचार करें।