Haryana Weather Update: हरियाणा में ठंड ने अब रंग दिखाना शुरू कर दिया है. दिसंबर के आखिरी सप्ताह में सुबह-शाम की सर्दी लोगों को जमकर सता रही है. दरअसल हरियाणा में सोमवार यानी आज 5 जिलों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं अन्य जिलों के लिए विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही मौसम विभाग ने प्रदेश में शीत लहर चलने की भी चेतावनी जारी की है. दिन के समय धूप खिलने का अनुमान है. प्रदेश में कोहरे का असर सोमवार को उत्तरी हरियाणा और जीटी रोड बेल्ट के हिस्सों में ही ज्यादा दिखाई देगा. हालांकि अन्य जिलों में भी कोहरा पड़ सकता है, मगर यहां पर इसका असर कम रहेगा.
मौसम विभाग ने उत्तरी हरियाणा के 5 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल शामिल हैं. इसके अलावा मौसम विभाग ने पंचकूला, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, भिवानी और चरखी दादरी के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. इनमें हल्का कोहरा पड़ सकता है. जबकि मौसम विभाग ने प्रदेश के 10 जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी भी जारी की है. इन जिलों में महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी जिले शामिल हैं. बता दें कि हरियाणा में कल यानी 28 दिसंबर को सबसे अधिकतम तापमान भिवानी जिले में देखने को मिला, जहां 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान हिसार जिले में 2.5 डिग्री सेल्सियस देखने को मिला. हरियाणा में आज सुबह का तापमान 10°C है. हवा, नमी और अन्य मौसम की स्थितियों जैसे कारकों को ध्यान में रखते हुए तापमान 4°C जैसा महसूस हो सकता है, जबकि अंबाला जिले में सुबह के समय तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
हरियाणा में मौसम विभाग ने शीतलहर और धुंध-कोहरे को लेकर पहले से ही ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ है. HAU के मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार एक के बाद एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे हरियाणा का मौसम लगातार बदल रहा है. ऐसे में डॉ. चंद्रमोहन के मुताबिक शुक्रवार को भी एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ. इसके बाद 30 दिसंबर को भी एक और मध्यम श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है, जिससे मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है. उन्होंने बताया कि नए साल की शुरुआत में बारिश की संभावना बनी हुआ है. 29 दिसंबर यानी आज हरियाणा के कई इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ दिखाई देगा. उन्होंने बताया कि सुबह के समय दृश्यता कम रहेगी, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकती है,जबकि ऐसे में रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ेगी. वहीं 30 दिसंबर को उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में शीतलहर जैसे हालात बन सकते हैं. दिन में धूप निकलने से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन शाम होते ही ठंड फिर से तेज हो जाएगी. वहीं 31 दिसंबर को नववर्ष की पूर्व संध्या पर मौसम शुष्क रहने की संभावना है हालांकि ठंडी हवाएं चलने से खुले इलाकों में ठिठुरन महसूस की जाएगी. कोहरा हल्का से मध्यम स्तर का रह सकता है ओर नए साल यानी 1 जनवरी 2026 को मौसम ठंडा रहेगा, ठिठुरन महसूस होगी. उन्होंने कहा कि कई जिलों में कोहरा छाया रह सकता है ओर बादल छाने और बारिश की भी आशंका जताई जा रही है. वहीं 2 और 3 जनवरी को मौसम में आंशिक बदलाव संभव है. कहीं-कहीं हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना बेहद कम है. ठंड का असर बना रहेगा और रातें ज्यादा सर्द रह सकती है.
हरियाणा में नए साल से पहले हवा का स्तर काफी प्रदूषित होता हुआ दिखाई दे रहा है, दरअसल aqi.in के अनुसार फरीदाबाद जिले का आज सुबह के समय AQI लेवल 626 देखने को मिला है.जबकि गुरुग्राम जिले में सुबह के समय AQI लेवल 361 दर्ज किया गया हैं ओर इसी तरह राजधानी दिल्ली में सुबह के समय aqi लेवल 523 देखने को मिला हैं.वही अंबाला जिले में आज सुबह के समय AQI लेवल 328 दर्ज किया गया है,जिससे सांस के मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.