हरियाणा में खेल स्टेडियमों की होगी मरम्मत, 114 करोड़ रुपये प्रदेश सरकार ने किए जारी, जल्द शुरू काम होगा

करनाल: राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम करनाल पहुंचे. करनाल के बड़ौता गांव की खेल नर्सरी का गौरव गौतम ने दौरा किया. राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर यहां खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें जीते हुए खिलाड़ियों को मंत्री गौरव गौतम ने सम्मानित किया.

“हरियाणा में खेल स्टेडियमों की होगी मरम्मत”: इस दौरान हरियाणा के खेल मंत्री ने कहा कि “हरियाणा सरकार ने प्रदेश में खेल स्टेडियमों के निर्माण और मरम्मत के लिए 114 करोड़ रुपए जारी कर दिए हैं, आगामी 15 दिनों में इन पर काम शुरू हो जाएगा. हरियाणा की पहचान पहले एक कृषि प्रधान राज्य के रूप में होती थी, लेकिन अब यह खेलों का हब बन चुका है. यह बदलाव मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए किए गए प्रयासों के कारण संभव हुआ है.”

हरियाणा में खेल स्टेडियमों की होगी मरम्मत
“हरियाणा के खिलाड़ियों की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में धाक”: मंत्री गौरव गौतम ने आगे कहा कि “हरियाणा के खिलाड़ी ओलंपिक सहित अन्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेलों में पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं. हरियाणा सरकार की नई खेल नीति और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर ने खिलाड़ियों को विश्व स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान किया है. हरियाणा के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी धाक जमाते हैं.”

सरकार की खेल नीति की सराहना की: हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने इस दौरान प्रदेश सरकार की खेल नीति की सराहना की. इससे पहले खेल मंत्री ने मेजर ध्यानचंद के फोटो पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया. इस अवसर पर खिलाड़ियों के बीच खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. विजेता खिलाड़ियों को खेल मंत्री गौरव गौतम ने सम्मानित किया.