हरियाणा में शादी में पत्थरबाजी, दूल्हे को 25 लाख रुपये के नोटों का हार पहनाने के बाद भड़का साढ़ू, बारात में मची भगदड़

नूंह. हरियाणा के नूंह जिले के पुनहाना उपमंडल के नेहदा गांव में शादी समारोह के दौरान मामूली बात से बड़ा विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि फिर पत्थरबाजी भी हो गई. दूल्हे को नोटो की माला पहनने को लेकर पूरा मामला भड़का और बारात जाने की खुशी गम में बदल गई. दरअसल, गांव नेहदा के रहने वाले महबूब कुरैशी के बेटे की बारात गांव अली मेव के लिए रवाना हो रही थी. इसी दौरान लड़के के जीजा नयूम निवासी सिंगार ने अपने साले को करीब 25 लाख रुपये की नोटों की माला पहनाई.

बताया जा रहा है कि इस माला को लेकर नयूम के साढू नाराज हो गए.उत्तर प्रदेश के हातियाका गांव के रहने वाले साढू ने कहा कि उनकी ओर से भी माला आ रही है, इसलिए बारात को रोका जाए और इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई. विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से पथराव शुरू हो गया और गाली-गलौज की स्थिति बन गई.

हालांकि इस घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन शादी का माहौल तनाव में बदल गया. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिस पर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया. फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। गौर रहे कि मेवात क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही इस रस्म में लाखों रुपये की मालाएं पहनाई जाती हैं, जिसे कई लोग सामाजिक बुराई मानते हैं.