बेवफाई का शक! गुरुग्राम में ब्वॉयफ्रेंड ने गर्लफ्रेंड को बंधक बनाकर पीटा, लिव-इन में रहते थे दोनों

गुरुग्राम. हरियाणा के गुरुग्राम में एक प्रेमी युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड को बेहरमी से पीटा. दोनों लिव इन रिलेशनशिप में पीजी में रहते थे. युवती की माता ने जब पुलिस को शिकायत दी तो पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को आरोपी के चंगुल से छुड़ाकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया. बादशाहपुर थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है.

गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक, बादशाहपुर थाना पुलिस को एक महिला ने सूचना दी थी कि उनकी बेटी को उसके प्रेमी ने एक पीजी में रखा हुआ है और उसे प्रताड़ित कर रहा है. जिस पर पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची और वहां पर लड़की को बरामद किया. लड़की के साथ ब्वॉयफ्रेंड ने मारपीट की थी और उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल सेक्टर-10, गुरुग्राम में दाखिल किया गया. बाद में दिल्ली एम्स रेफर किया गया.
पीड़िता ने शिकायत के माध्यम से पुलिस टीम को बताया कि वह तथा आरोपी एक साथ में एक ही कमरे में रहते थे. आरोपी इस पर शक करता था और लगातार मारपीट करने लगा. पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान दिल्ली निवासी 19 वर्षीय शिवम के रूप में हुई.

बताया जा रहा है कि युवती जीडी गोयनका यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करती है. उधर, बादशाह पुलिस ने आरोपी लिव-इन पार्टनर को गिरफ्तार कर लिया है. 19 साल की पीड़ित युवती मूल रूप से नॉर्थ-ईस्ट के त्रिपुरा की रहने वाली है. मगर मंगलवार देर रात उनके बीच विवाद हो गया था.

पांच महीने पहले ही हुई थी दोस्ती
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पीड़िता तथा आरोपी की मुलाकात सितंबर 2025 में हुई थी. आरोपी और पीड़िता के परिवार वालों की आपस में दोनों की शादी की बात चल रही थी. पीड़िता और आरोपी की आपस में किसी बात को लेकर बहस हो गई, जिसके बाद दोनों का आपस में विवाद हो गया और आरोपी पीड़िता को परेशान करने लगा था. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है.