हरियाणा में कड़ाके की सर्दी और शीतलहर को देखते हुए शिक्षा विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 1 जनवरी से 15 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश (विंटर वैकेशन) घोषित कर दिया गया है। 16 जनवरी से नियमित कक्षाएं फिर शुरू होंगी।
नारनौल में 3 डिग्री तक पहुंचा तापमान
यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है, क्योंकि उत्तर भारत में घना कोहरा और न्यूनतम तापमान गिरने से स्कूल जाने में खतरा बढ़ जाता है। नारनौल जैसे इलाकों में तापमान 3 डिग्री तक पहुंच चुका है। शिक्षा निदेशालय पंचकूला ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और स्कूल प्रधानों को सख्त निर्देश दिए हैं कि अवकाश का पालन करें, अन्यथा कार्रवाई होगी।
हालांकि, कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों को बोर्ड प्रैक्टिकल परीक्षाओं के लिए जरूरत पड़ने पर स्कूल बुलाया जा सकता है। निजी स्कूलों को चेतावनी दी गई है कि छुट्टियों में स्कूल खोलने पर मान्यता रद्द हो सकती है। अभिभावियों और छात्रों ने इस फैसले का स्वागत किया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और ठंड बढ़ने की चेतावनी दी है।