गोहाना : हरियाणा के गोहाना क्षेत्र में देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब शादी समारोह से लौट रहे युवकों की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है.
गाड़ी में सात युवक थे सवार
जानकारी के अनुसार काली स्कॉर्पियो (HR 98 B 9988) घड़वाली–भावड़ रोड पर तेज गति के कारण संतुलन खो बैठी और सीधे पेड़ से टकरा गई. गाड़ी में कुल सात युवक सवार थे, जो रोहतक जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे और भावड़ गांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में गांव खिडवाली के अंकुश, दीपक और साहिल के अलावा गांव घुसकानी के सागर और गोलू की मौत हो गई. सभी मृतकों की उम्र करीब 25 से 28 वर्ष के बीच बताई जा रही है. इनमें गोलू की शादी दो महीने पहले ही हुई थी.
पांच युवकों की मौत
हादसे में गांव खिडवाली के अंकित और सागर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पहले खानपुर महिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, बाद में उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पंडित भगवत दयाल शर्मा पीजीआईएमएस रेफर कर दिया गया. एक अन्य युवक मोहित को मामूली चोटें आई हैं और वह सुरक्षित बताया जा रहा है. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया. भारती डबास ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया. पांच युवकों की असमय मौत की खबर से खिडवाली, घुसकानी और आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.