कासना टू सिरसा गोलचक्कर तक 8 लेन का होगा रोड, 9.5 करोड़ की लागत से मार्च में शुरू होगा काम

सिरसा: ग्रेटर नोएडा में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कासना से सिरसा गोलचक्कर होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (केजीपी) के इंटरचेंज तक जाने वाला मार्ग अब और सुविधाजनक बनाया जाएगा. इसके लिए प्राधिकरण ने कासना से सिरसा तक सड़क चौड़ी करने और सिरसा से केजीपी इंटरचेंज तक सड़क की मरम्मत कराने का फैसला लिया है.

मार्च के महीने में शुरू होगा काम
ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, कासना से सिरसा गोलचक्कर तक सड़क को चौड़ा करने का कार्य मार्च महीने से शुरू किया जाएगा. इस मार्ग को आठ लेन में तैयार किया जाएगा. फिलहाल यह सड़क दोनों ओर तीन-तीन लेन की है, जिसे बढ़ाकर चार-चार लेन किया जाएगा. आपको बता दें कि इस सड़क से प्रतिदिन हजारों की संख्या में वाहन गुजरते हैं. आने वाले समय में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू होने के बाद इस रूट पर ट्रैफिक का दबाव और बढ़ने की संभावना है. इसी को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण के सीईओ एन.जी. रवि कुमार ने सड़क सुधार के निर्देश जारी किए हैं.

9.5 करोड़ की आएगी लागत
प्राधिकरण के परियोजना विभाग ने कासना से सिरसा तक सड़क चौड़ीकरण के लिए ठेके की प्रक्रिया शुरू कर दी है. उम्मीद है कि अगले दो महीनों के भीतर निर्माण कार्य आरंभ हो जाएगा. इस मार्ग की कुल लंबाई करीब 2 किलोमीटर है और इस पर लगभग 9.5 करोड़ रुपये की लागत आएगी. सिरसा गोलचक्कर से लेकर ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के सिरसा स्थित इंटरचेंज तक सड़क की मरम्मत मिलिंग तरीके से की जाएगी. इस तकनीक से सड़क की ऊंचाई नहीं बढ़ती और पुराने मैटेरियल को दोबारा उपयोग में लाया जाता है, जिससे लागत कम होती है और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है.

छह महीने में पूरा कर लिया जाएगा काम
अधिकारियों के अनुसार, ठेके की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह मरम्मत कार्य छह महीने के भीतर पूरा कर लिया जाएगा. फिलहाल इंटरचेंज के पास सड़क काफी जर्जर हो चुकी है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा कि शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए सड़कों के चौड़ीकरण की योजना बनाई जा रही है. कासना से सिरसा गोलचक्कर होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज तक सड़क का कार्य तय समयसीमा में पूरा कराया जाएगा.