चंडीगढ़ : चंडीगढ़ के रेलवे स्टेशन पर कालका-दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस को लेकर शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया. ट्रेन निर्धारित समय से पहले और बिना किसी स्पष्ट घोषणा के चल पड़ी जिससे प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई. इस दौरान ट्रेन में चढ़ रहे कई यात्रियों का संतुलन बिगड़ गया और वे गिरकर घायल हो गए.
निर्धारित वक्त से पहले दौड़ पड़ी शताब्दी : लोगों के अनुसार, सुबह के समय जब यात्री अभी ट्रेन में सवार हो ही रहे थे, तभी अचानक ट्रेन आगे बढ़ा दी गई. कुछ यात्रियों ने आरोप लगाया कि ट्रेन को एक-दो बार झटके से रोका और फिर चलाया गया, जिससे स्थिति और ज्यादा खतरनाक हो गई. इस पूरे घटनाक्रम में महिलाएं और बुजुर्ग को भी चोटें आई हैं.
प्लेटफॉर्म पर धड़ाधड़ गिरे यात्री
यात्रियों ने की शिकायत : घटना के बाद यात्रियों में भारी नाराज़गी देखने को मिली. कई लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए रेल मंत्रालय और रेलवे अधिकारियों से शिकायत की और यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल उठाए. मामले के तूल पकड़ने के बाद जीआरपी ने संज्ञान लेते हुए ट्रेन के लोको पायलट के खिलाफ हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है.
अपनी शिकायत बताते प्रत्यक्षदर्शी
रेलवे प्रशासन ने शुरू की जांच : रेलवे प्रशासन की ओर से कहा गया है कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है और ये पता लगाया जा रहा है कि ट्रेन संचालन में कहां चूक हुई. अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई, तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यात्री ने की शिकायत
सुरक्षा-व्यवस्था पर सवाल : इस घटना ने एक बार फिर स्टेशन पर ट्रेनों के संचालन और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. यात्रियों की मांग है कि ऐसी घटनाएं दोबारा ना हो और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए.