ये हरियाणा कांग्रेस है… हुड्डा-राव सामने बैठे, उधर मंच संचालन को लेकर भिड़ गए 2 जिला अध्यक्ष

Haryana Congress: स्थिति बिगड़ती देख हांसी से कांग्रेस उम्मीदवार रहे राहुल मक्कड़ मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया. इसके बाद बजरंग गर्ग वहां से चले गए. बताया जाता है कि दोनों नेताओं के बीच यह विवाद नया नहीं है.

हरियाणा में रह-रहकर कांग्रेस की गुटबाजी खुलकर सामने आ जाती है. कांग्रेस के दिग्गज भले ही एड़ी-चोटी का जोर लगा लें मगर वहां के नेता आपस में ही भिड़ जाते हैं. अब ताजा मामला हिसार का है. यहां वोट चोरी के खिलाफ प्रदर्शन होना था. इसी कड़ी में मंगलवार को कांग्रेस भवन में प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और सांसद दीपेंद्र हुड्डा मंच पर मौजूद थे. इसी दौरान शहरी जिला अध्यक्ष बजरंग दास गर्ग और ग्रामीण जिला अध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया आपस में भिड़ गए. मामला मंच संचालन को लेकर शुरू हुआ और देखते ही देखते दोनों नेताओं में तकरार बढ़ गई. आखिर में क्या हुआ?

‘ऊपर’ से परमिशन ले रखी है!
असल में जानकारी के मुताबिक मंच संचालन की जिम्मेदारी संभालने के लिए बजरंग दास गर्ग आगे आए. फिर ग्रामीण जिलाध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया ने उन्हें रोक दिया. बृजलाल का कहना था कि उन्होंने इसके लिए पहले ही ‘ऊपर’ से परमिशन ले रखी है. इसी दौरान गर्ग ने माइक अपनी तरफ खींचने की कोशिश की तो बृजलाल ने उसे वापस अपनी ओर कर लिया. कुछ देर तक मंच पर ही दोनों के बीच झूमाझटकी जैसी स्थिति बन गई.

कांग्रेस नेताओं के बीच विवाद नया नहीं
स्थिति बिगड़ती देख हांसी से कांग्रेस उम्मीदवार रहे राहुल मक्कड़ मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया. इसके बाद बजरंग गर्ग वहां से चले गए. बताया जाता है कि दोनों नेताओं के बीच यह विवाद नया नहीं है. गर्ग जिलाध्यक्ष बनने के बाद कई महीनों तक पदस्थापना के लिए कांग्रेस भवन नहीं पहुंचे थे. उधर बहबलपुरिया रणदीप सुरजेवाला के समर्थक माने जाते हैं. जबकि गर्ग को हुड्डा गुट का करीबी माना जाता है.

‘कार्यकर्ता नाराज हुए’
घटना के बाद दोनों नेताओं ने अपनी-अपनी सफाई भी दी. बजरंग गर्ग का कहना है कि मंच संचालन एससी सेल जिला प्रधान सोनू लंकेश कर रहे थे. लेकिन बीच में बृजलाल जाकर संचालन करने लगे. इससे कार्यकर्ता नाराज हुए. जबकि बृजलाल बहबलपुरिया का कहना है कि मंच संचालन की मंजूरी उन्हें प्रदेश अध्यक्ष और दीपेंद्र हुड्डा दोनों ने दी थी.

यह सब तब हुआ जब अभी हाल ही में गुटबाजी रोकने को लेकर प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने हाल ही में एक लेटर जारी कर निर्देश दिए थे. उसमें कहा गया कि किसी भी कार्यक्रम के बैनर, पोस्टर और बैकड्रॉप में पार्टी आलाकमान के नेताओं का ये क्रम होना चाहिए. इसमें सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, बीके हरिप्रसाद, राव नरेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी सैलजा और दीपेंद्र हुड्डा की फोटो प्रोटोकॉल के अनुसार लगाई जाए.