Haryana News: हरियाणा में रबी सीजन की तैयारियां जोरों पर हैं. किसानों ने खेतों की जुताई-बुवाई का कार्य आरंभ कर दिया है. इस बार सरकार ने गेहूं की बुवाई को लेकर किसानों के लिए एक बड़ी राहत की घोषणा की है. राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि रबी सीजन 2025-26 में गेहूं के बीज पर मिलने वाली सब्सिडी को बढ़ाया जाएगा, जिससे किसानों की लागत कम होगी और उपज में वृद्धि होगी.आइये विस्तार से जानें.
कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार हरियाणा सरकार का लक्ष्य है कि राज्य में उच्च गुणवत्ता वाले प्रमाणित बीजों का उपयोग अधिक से अधिक किसान करें. इससे न केवल उत्पादन बढ़ेगा बल्कि प्रति एकड़ पैदावार में भी सुधार आएगा. पिछले सीजन में जहां किसानों को गेहूं के प्रमाणित बीज पर 1000 रुपये प्रति क्विंटल की सब्सिडी दी जा रही थी, वहीं इस बार इसे बढ़ाकर 1075 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है.
किसानों का कहना है कि सरकार का यह कदम सराहनीय है क्योंकि लगातार बढ़ती लागत के बीच बीज की कीमत में राहत मिलना उनके लिए बड़ी राहत है. इससे किसान उच्च गुणवत्ता वाले बीजों का उपयोग करने के लिए प्रेरित होंगे, जिससे गेहूं की उत्पादकता और गुणवत्ता दोनों में सुधार होगा.
राज्य सरकार ने साथ ही यह भी स्पष्ट किया है कि प्रमाणित बीज केवल पंजीकृत बीज वितरण केंद्रों और सहकारी समितियों से ही उपलब्ध कराए जाएंगे. कृषि अधिकारी गांव-गांव जाकर किसानों को नई किस्मों और वैज्ञानिक बुवाई तकनीकों के बारे में जानकारी देंगे.
विशेषज्ञों का मानना है कि हरियाणा का यह कदम कृषि उत्पादन को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अहम कदम है.वही सरकार का उद्देश्य न केवल किसानों की आय बढ़ाना है बल्कि राज्य को गेहूं उत्पादन में अग्रणी बनाए रखना भी है. सरकार ने किसानों से अपील की है कि वे समय पर बुवाई करें और उन्नत बीजों का चयन करें ताकि इस बार की फसल अधिक लाभकारी सिद्ध हो सके.