हरियाणा में 3 छात्रों ने टीचर पर किया हमला, छाती में बर्फ तोड़ने वाला सुआ घोंपा, मचा हड़कंप

जींद. हरियाणा के जींद से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां पर एक सरकारी स्कूल में छात्रों ने बर्फ तोड़ने के सुए से टीचर पर हमला कर दिया. तीन छात्रों ने जुलाना के बूढ़ा खेड़ा गांव में अध्यापक पर हमला कया. छात्रों ने लंच टाइम के दौरान टीचर पर धावा बोला और इस घटना में घायल टीचर को अस्पताल में भर्ती करवाया है. फिलहाल, पुलिस ने आरोपी छात्रों को हिरासत में ले लिया है.

जानकारी के अनुसार, आधी छुट्टी के दौरान संस्कृत टीचर को निशाना बनाया गया और फिर सुऐ से तीन बार वार किए गए.घटना के बाद स्कूल मे अफरा-तफरी का माहौल बन गया और चीख पुकार मच गई. इस दौरान स्कूल प्रशासन ने पुलिस को घटना की सूचना दी. उधर, स्कूल स्टॉफ ने न्याय की मांग करते हुए स्कूल में ही धरना शुरू कर दिया है. बताया जा रहा है कि सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 400 से अधिक बच्चे पढ़ने आते हैं.

अध्यापक के भाई ने बताया की उनका भाई जुलाना के बूढ़ा खेड़ा गांव मे पीजीटी के अध्यापक है और 2 दिन पहले स्कूल के अंदर 3 बच्चों ने संस्कृत के अध्यापक नंद किशोर पर बर्फ तोड़ने वाले सुए से हमला कर दिया. अध्यापक पहले से ही किडनी पेशेंट है. घटना के बाद अध्यापको के अंदर डर का माहौल है शिक्षकों का कहना है कि ऐसी घटनाएं शिक्षा के माहौल को बिगाड़ती हैं और इससे अध्यापकों के अंदर भय का माहौल पैदा हो गया है. डॉ कमल किशोर ने बताया कि उनके भाई की किसी से कोई रंजिश नहीं थी. उन्होंने कहा कि अब तक छात्रों से बातचीत में कोई रंजिश वाली बात भी सामने नहीं है.

स्कूल की टीचर नीलम ने बताया कि हमारे टीचर नंद किशोर जी घटना के दौरान अपनी दवाई निकाल रहे थे और इसी बीच अचानक तीन बच्चे आए और छाती पर सुआ घोंप दिया. महिला टीचर ने बताया कि पांच मिनट के भीतर पुलिस आ गई थी. तीनों बच्चों को पुलिस ले गई है. उन्होंने बताया कि हमले के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है. बच्चों और घायल टीचर के बीच कोई बात नहीं हुई थी. उन्होंने बताया कि तीन बच्चों में से दो 9वीं और एक बच्चा 10वीं क्लास का है. महिला टीचर ने कहा कि आरोपी बच्चों ने स्कूल के पंखे, एलईडी सहित सामान भी पहले तोड़ा था. डेढ़ दो महीने पहले इस घटना को अंजाम दिया था.