ट्रैक्टर ने युवक को कुचला, इलाज के दौरान काटनी पड़ी टांग; आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज

कैथल: कैथल के ढांड में ट्रैक्टर चालक ने सड़क पर बैठे एक युवक को कुचल दिया। ट्रैक्टर का पहिया युवक की टांग के ऊपर से निकल गया। उसे इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां पर उसकी टांग काटनी पड़ी। इस संबंध में युवक ने पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

ढांड थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव म्यौली निवासी जसविन्द्र ने बताया कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। बीते कल वह अपनी गेहूं बेचने के लिए अदानी साइलो ढांड गया हुआ था और अपनी बारी का इंतजार कर रहा था। वह सड़क किनारे अपनी ट्रॉली के पीछे कुछ दूरी पर अपनी दिशा में बैठा हुआ था। करीब छह बजे एक ट्रैक्टर ट्रॉली चालक कैथल की तरफ से आया और अपने वाहन को उसके पीछे रोक दिया। थोड़ी देर बाद बिना किसी सहायक के अपने ट्रैक्टर ट्रॉली को आगे-पीछे करने लगा। उसकी ट्रैक्टर ट्रॉली का पहिया युवक की बाईं टांग को कुचलता हुआ निकल गया।

आरोपी ने मौके पर ट्रैक्टर ट्रॉली को रोक लिया। मौके पर राहगीर भी एकत्रित हो गए। ट्रैक्टर चालक अपनी ट्रैक्टर ट्रॉली को लेकर भाग गया। राहगीरों ने उसे कैथल के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। सड़क दुर्घटना में लगी चोट के कारण युवक की टांग को काटना पड़ा। शिकायतकर्ता ने आरोपी ट्रैक्टर ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
ढांड थाने के जांच अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि इस संबंध में पुलिस के पास शिकायत आई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। जल्द ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।