पंचकूला में ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों की नहीं खैर, बीते 8 माह में 60 लाख रुपये से ज्यादा का कटा चालान

पंचकूला: हरियाणा के जिला पंचकूला में सड़क हादसों पर रोक और यातायात के नियम व्यवस्था की मजबूती के लिए व्यापाक अभियान चलाए हुए हैं. इस अभियान के तहत जिले में पंचकूला शहर, बरवाला और सूरजपुर, रायपुररानी समेत अन्य जगहों पर यातायात नियमों की उल्लंघना करने वालों पर लगातार कार्रवाई जारी है. जिला पुलिस ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों पर साल 2025 की शुरुआत से ही तेजी से कार्रवाई करने में जुटी है. जिसके चलते जिला पुलिस द्वारा बीते साढ़े 8 महीने में हजारों वाहन चालकों के चालान कर लाखों रुपये वसूल किए गए हैं.

एक्शन मोड में पंचकूला ट्रैफिक पुलिस: पुलिस कमिश्नर शिबास कबिराज के निर्देशों व डीसीपी ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस ने जिले भर में सख्ती की हुई है. ट्रैफिक पुलिस द्वारा साल 2025 में कुछ वाहन चालकों के कई हजार रुपये के चालान किए और सैकड़ों वाहन भी जब्त किए गए. ट्रैफिक पुलिस ने अधिकांश कार्रवाई रेड लाइट जंप, लेन चेंज, ड्रंकन ड्राइव समेत कुछ अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ की.

15 सितंबर 2025 तक कार्रवाई: जिला ट्रैफिक पुलिस ने जनवरी 2025 से ही यातायात नियमों की उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी थी. लेकिन बीते चंद महीनों से विशेष अभियान चलाकर समूचे जिले में जीरो टॉलरेंस की नीति से काम किया जा रहा है. ट्रैफिक पुलिस के रिकॉर्ड की बात करें तो 1 जनवरी 2025 से 15 सितंबर 2025 तक यातायात नियम तोड़ने वाले कुल 69, 518 वाहन चालकों के चालान किए गए हैं. पुलिस ने 15 सितंबर तक चालान के भुगतान से कुल 60 लाख 46 हजार 300 रुपये की धनराशि जुटाई है.

लेन चेंज, ड्रंकन-ड्राइव और ब्लैक फिल्म: जिला ट्रैफिक पुलिस द्वारा हाल ही में लेन चेंज, ड्रंकन-ड्राइव और वाहनों पर ब्लैक फिल्म लगाकर घूमने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई तेज कर दी है. लेन चेंज करने वाले कुल 942 वाहन चालकों के चालान किए गए, जबकि ड्रंकन ड्राइव करने पर 2397 लोगों के चालान किए. इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस ने पिंजौर में वाहनों के शीशे पर लगी काली फिल्म के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया.

यातायात नियमों की अनदेखी पड़ी भारी: सूरजपुर ट्रैफिक एसएचओ अभिषेक कुमार की अगुवाई में विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान काटे गए. पुलिस ने कई वाहनों की काली फिल्म मौके पर उतरवा चालकों को दोबारा गलती न करने की सख्त हिदायत दी. Conclusion:जारी रहेगा अभियान:
ट्रैफिक पुलिस की वाहन चालकों को चेतावनी: डीसीपी ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा है कि जारी अभियान का उद्देश्य न केवल यातायात सुरक्षा सुनिश्चित करना है, बल्कि आपराधिक गतिविधियों को रोकथाम में मदद करना भी है. उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाती रहेगी.