बरवाला : हरियाणा के हिसार जिले के बरवाला क्षेत्र में रिश्ता देखने गए एक ही परिवार की खुशियों पर रविवार रात दर्दनाक हादसे ने विराम लगा दिया। सरहेड़ा और मतलौड़ा गांव के बीच ट्रैक्टर-ट्रॉली और कार की आमने-सामने की टक्कर में एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार, संदलाना गांव निवासी एक ही परिवार के नौ लोग रविवार दोपहर कार से बरवाला रिश्तेदारी देखने आए थे। लौटते समय रात करीब 9 बजे सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक गलत दिशा में मुड़ गई। इससे कार सीधे ट्रॉली से टकरा गई और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी।
हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी नौ लोग घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घायलों को एंबुलेंस के जरिए बरवाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रेखा (35), सुरेश (40) और अरमान (10) को मृत घोषित कर दिया।
प्राथमिक उपचार के बाद छह घायलों को महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज, अग्रोहा रेफर किया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।