ऑस्ट्रेलिया की नदी में डूबने से हरियाणा-पंजाब के दो युवकों की मौत, घरों के इकलौते चिराग बुझे

करनाल। ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स में करनाल के युवक साहिल और उसके पंजाब के रहने वाले दोस्त सचिन की नदी में डूबने से जान चली गई। साहिल अपनी पत्नी और उसका दोस्त अपनी मंगेतर के साथ लंबे वीकेंड पर घूमने के लिए आया हुआ था।

दोनों युवक जब नदी में नहाने के लिए कूदे तो अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और वह पानी में बह गए। आस पास के लोगों व रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें नदी से बाहर तो निकाल लिया लेकिन उनकी जान नहीं बच पाई। यह हादसा 25 जनवरी को शाम करीब 6.45 बजे न्यू साउथ वेल्स के मिड नार्थ कोस्ट स्थित ग्लेनिफर इलाके में नेवर नदी में हुआ।सचिन की पत्नी सात महीने की गर्भवती है, इस हादसे के बाद उसकी तबीयत खराब हो गई और वह अस्पताल में दाखिल है।

साहिल बत्रा और उसकी पत्नी साक्षी 2022 में ऑस्ट्रेलिया गए थे। दोनों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर मौजूद हैं। साहिल और सचिन दोनों ही घर में इकलौते बेटे थे। मौके पर मौजूद सुनीता के अनुसार साहिल और सचिन दोनों ने नदी के किनारे लगा नो डाइविंग का बोर्ड देखा और यह मानकर पानी में उतरे कि जगह उथली है लेकिन अचानक नदी में तेज बहाव आया और वह डूब गए। बता जा रहा है कि दोनों युवक तैरना जानते थे।