असुरक्षित यौन संबंध या कुछ और…हरियाणा में कैसे हुई 12 लोगों की मौत?

पलवल. हरियाणा के पलवल के छायंसा गांव में 15 दिन में 12 मौतों के बाद से हड़कंप मचा हुआ है. पिछले 15 दिनों से पलवल जिले की स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में कैंप लगाए हुए है. यहां लगातार टीके लगाए जा रहे हैं और जागरूकता के लिए अभियान भी चलाया जा रहा है.

नोडल ऑफिसर बासुदेव और पीएचसी कैंप के इंचार्ज देवेंद्र जाखड़ ने न्यूज18 को बताया कि लगातार गांव के लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है. करीब 600 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है. अब तक की जांच में 29 लोगों को हेपेटाइटिस सी और तीन लोगों में हेपेटाइटिस B पाया गया है. ये दोनों संक्रमित खून और असुरक्षित यौन संबंध की वजह से होते हैं.

उधऱ, मौतों को लेकर गांव के लोग पानी को इसका कारण मानते हैं. हकीमुद्दीन ने बताया कि 24 साल का लड़के दिलशाद की मौत 11 फरवरी को हुई. उन्होंने कहा कि 2 दिन पहले बुखार आया था और फिर अस्पताल ले गए. 48 घंटे में उसे मृत घोषित कर दिया गया है. हकीमुद्दीन ने कहा कि गांव के चारों तरफ पानी भरा हुआ है. साथी गांव में पीने का जो पानी आता है टैंकर से आता है जो कि घरों में स्टोर किया जाता है और महीने महीने तक चलता है. आशंका है कि उसकी वजह से हीबीमारी फैल रही है. आरिफ ने बताया कि उसकी पत्नी को भी हेपेटाइटिस हुआ था. वह रिकवर हो गई. यहां एक कनाल जाती है और उस गांव में दूषित पानी आता है और वो खेती में इस्तेमाल करता उसकी वजह से ये हो रहा है.

बीमारी के बाद डर का माहौल
अली शेर ने बताया कि मैंने यहां टेस्ट करवाया है तो हेपेटाइटिस C पाया गया है. पत्नी को भी पीलिया है. क्यों हुआ ये तो डॉक्टर बताएंगे. ऐसा भी नहीं कोई गलत काम किया हो. पहले बस गुटखा खाते थे. पानी की समस्या है, लेकिन फिलहाल RO का पानी पीते हैं. बिसलेरी की बोतल लेते हैं. अभी बेचैनी सी हो रही है सिर भारी है. उन्होंने कहा कि गांव में परेशानी है और बीमारी के बाद डर का माहौल है. अब तक 20- 22 मौत हो चुकी है.

स्वास्थ्य सुविधा ना होने की वजह से भी मौतें
उधऱ, 14 साल केशारिक की मौत 27 जनवरी को हुई. शारिक को पहले शुरुआती बुखार, उल्टी जैसे लक्षण आए और फिर तबियत इतनी बिगड़ी कि मौत हो गई. शारिक की मां आसुदी ने स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि बेटा यहां से जब गया था तो इतनी तबियत खराब नहीं थी, लेकिन अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधा ना होने की वजह से उसकी मौत हुई है.