हरियाणा में मौसम लेगा यू-टर्न! लू की चपेट के बाद इस दिन से फिर शुरू होगी बारिशें, जानें IMD का अपडेट

Haryana Weather Update: हरियाणा में गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है. शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ के कम प्रभाव से रविवार को कुछ क्षेत्रों में बारिश हुई, मगर इससे गर्मी से राहत नहीं मिली. सोमवार को भी तापमान में इजाफा हुआ, जहां रोहतक में अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.0 डिग्री ऊपर रहा. ऐसे में आने वाले दिनों में हरियाणा में मौसम का हाल कैसा रहने वाला है, आइए जानते हैं.

मौसम विभाग की मानें तो अप्रैल के अंतिम दिनों और मई के पहले सप्ताह में लगातार एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बादलों की आवाजाही के साथ आंधी और हल्की बारिश होगी, जिससे बढ़ते हुए तापमान पर लगाम लगेगी.

सोमवार से हरियाणा में तापमान में उछाल देखने को मिला. रोहतक में अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. कुछ स्थानों पर लू जैसे हालात देखने को मिले. वहीं सिरसा, मेवात और जींद में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा. बाकी के जिलों में अधिकतम तापमान 37 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा.

21 अप्रैल को हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहेगा. दिन में तेज धूप के कारण गर्मी बढ़ेगी. अधिकतम तापमान 40°C से पार रहने की संभावना है. वहीं 22 अप्रैल को गर्मी और बढ़ेगी. कुछ इलाकों में लू जैसे हालात बन सकते हैं. न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 24-26°C तक पहुंच सकता है.

23 अप्रैल को पश्चिमी हरियाणा के कुछ जिलों में आंशिक बादल छा सकते हैं. शाम के समय हल्की हवाएं चलने से थोड़ी राहत मिलेगी.24 अप्रैल को इस दिन भी गर्मी का असर जारी रहेगा. हालांकि, कुछ जगहों पर धूलभरी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे दिन का तापमान थोड़ा ऊपर-नीचे हो सकता है.

25 अप्रैल को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है. उत्तर हरियाणा के कुछ हिस्सों में बादल छाने और बहुत हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई जा रही है.

26 अप्रैल को तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है. हवा की रफ्तार बढ़ने से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है. वहीं 27 अप्रैल मौसम फिर से साफ रहेगा और तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. दिन में तेज धूप और गर्म हवाएं चलने की संभावना है.