चंडीगढ़: हरियाणा में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है. सोमवार को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन मंगलवार से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के संकेत हैं. मौसम विभाग के अनुसार 17-18 फरवरी को कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. हालांकि यह बारिश व्यापक नहीं होगी, बल्कि बिखराव वाली रहने की संभावना है. इस बदलाव से फिलहाल तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है, लेकिन इसके बाद फिर गर्मी बढ़ने के आसार हैं.
12 जिलों में हल्की बारिश के आसार: पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, पलवल, फरीदाबाद और मेवात में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. खासकर दक्षिण और पश्चिमी हरियाणा के जिलों में बादल छाए रहने और हल्की फुहारें पड़ने की संभावना जताई गई है. इससे किसानों को आंशिक राहत मिल सकती है, हालांकि बारिश बहुत ज्यादा होने की उम्मीद नहीं है.
उत्तरी जिलों में आंशिक बादल: प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों जैसे पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, करनाल, पानीपत और सोनीपत में केवल आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है. इन जिलों में बारिश की संभावना बेहद कम है, लेकिन आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी.
30 डिग्री पार पहुंचा तापमान: रविवार को पलवल में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है. वहीं अंबाला का न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से तीन डिग्री ज्यादा है. आधी फरवरी बीतते ही दिन और रात दोनों के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है.
बारिश के बाद फिर बढ़ेगी गर्मी: मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद हवाओं की दिशा बदलेगी और तापमान में तेजी से वृद्धि होगी. दिन का तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 10 से 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. ऐसे में फरवरी के अंत तक ठंड लगभग विदा ले सकती है और गर्मी पूरे प्रदेश में दस्तक दे सकती है.