चंडीगढ़: संजय भाटिया ने साल 2019 में करनाल लोकसभा चुनाव में प्रदेश के 53 साल के इतिहास में सबसे बड़ी जीत दर्ज की थी। उन्होंने कांग्रेस नेता कुलदीप शर्मा को 6,56,142 वोटों के बड़े अंतर से हराया था, जो सूबे के इतिहास की सबसे बड़ी जीत है।
भाजपा ने करनाल के पूर्व सांसद संजय भाटिया को हरियाणा से राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। संजय भाटिया 5 मार्च को नामांकन दाखिल करेंगे। राज्यसभा चुनाव के लिए 16 मार्च को मतदान होना है। 57 साल के संजय भाटिया कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से ग्रेजुएट हैं। इनका जन्म हरियाणा के पानीपत जिले में हुआ है। वह भाजपा के महामंत्री भी रह चुके हैं। वहीं अभी राज्य सभा की दूसरी सीट के लिए एक और प्रत्याशी के नाम का ऐलान करना अभी बाकी है।
लोकसभा चुनाव में दर्ज की थी सबसे बड़ी जीत
संजय भाटिया का जन्म 29 जुलाई 1967 को हुआ था। वह कॉलेज के दिनों से ही बीजेपी की छात्र इकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़े थे। संजय भाटिया ने साल 2019 में करनाल लोकसभा चुनाव में प्रदेश के 53 साल के इतिहास में सबसे बड़ी जीत दर्ज की थी। उन्होंने कांग्रेस नेता कुलदीप शर्मा को 6,56,142 वोटों के बड़े अंतर से हराया था, जो हरियाणा के राजनीतिक इतिहास की सबसे बड़ी जीतों में गिनी जाती है। इसके बावजूद पार्टी ने 2024 में उन्हें चुनाव मैदान में नहीं उतारा था। उनकी जगह पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर ने चुनाव लड़ा था।
हरियाणा विधानसभा चुनावों से पहले भाटिया ने पानीपत शहर से चुनाव लड़ने की इच्छा व्यक्त की थी, लेकिन बीजेपी आलाकमान ने उन्हें संगठनात्मक जिम्मेदारियों को पूरा करने के लिए कहा था। अब बीजेपी ने उन्हें इनाम के तौर पर राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया है। पार्टी के भीतर उन्हें एक बेहद कुशल रणनीतिकार और संगठनकर्ता माना जाता है। भाटिया हरियाणा खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इन्हें पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का करीबी माना जाता है।
हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों के लिए 16 मार्च को मतदान होना है। 90 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के पास 48 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास 37 सीटें, इनेलो की 2 और अन्य 3 सीटे हैं। इसके अलावा इनेलो के तीन विधायक हैं। विधानसभा गणित के आधार पर एक सीट पर भाजपा की जीत लगभग तय मानी जा रही है। वहीं, दूसरी सीट पर कांग्रेस का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। कांग्रेस अपने विधायकों को एकजुट रखने की कोशिश में जुटी हुई है। जल्द ही कांग्रेस भी अपने प्रत्याशी की घोषणा कर सकती है।