‘मेरी जगह दूसरों की गिरफ्तारी क्यों’, फूट पड़े दुष्यंत चौटाला, हरियाणा में थम नहीं रहा GJU विवाद

हिसार. हरियाणा की गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी (जीजेयू) का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा. इस मामले में पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की पार्टी और पुलिस प्रशासन आमने-सामने हैं. सिटी पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके छह लोगों को गिरफ्तार किया है. पार्टी इससे नाराज है. पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और इनसो राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला कल (शुक्रवार) अपने गिरफ्तारी देने सिटी थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार नहीं किया. आज फिर दुष्यंत और दिग्विजय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान दुष्यंत ने कहा कि हरियाणा के अलग-अलग एजुकेशन संस्थानों में काफी घटनाएं हो रही हैं. चाहे स्टूडेंट की आत्महत्या का मामला हो या पेपर लीक का.

‘रोका तो भाग गए’
पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि हमारी स्टूडेंट्स इकाई ने इसे लेकर एक अभियान चलाया. जो घटना कुरुक्षेत्र में हुई, हम लोग शांतिपूर्ण धरना दे रहे थे. इस पर दिग्विजय और बाकी लोगों पर FIR दर्ज की गई. CIA हिसार की 13 टीमें बनाई जाती हैं और लोगों को घरों से उठाया जाता है. CIA स्टाफ ने जब हमें रोका तो उनकी मंशा कुछ और थी. मैंने गाड़ी से उतर कर जब उन्हें रोकना चाहा तो गाड़ी भगा ले गए. इसके बाद हमारे लोगों ने मार्केट में जा कर सीसीटीवी फुटेज लेनी चाही, लेकिन पता चला कि पुलिसवालों ने दुकानदारों से सीसीटीवी फुटेज पहले ही डिलीट करवा दिए गए. हम लोग जल्द ही हाईकोर्ट का रुख करेंगे.

‘डीजीपी ने नहीं उठाई कॉल’
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि इंसाफ के लिए हमारी मांग है कि सोमवार तक हमारी शिकायत पर FIR की जाए. मुख्य सचिव से इसकी जांच करवाई जाए. पुलिस वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए. हिसार SSP को बदला जाए. दुष्यंत कहा, ‘मैंने 2 बार डीजीपी को कॉल किया, लेकिन कॉल नहीं उठाई’. दिग्विजय चौटाला ने कहा कि जब मैं गिरफ्तारी देने गया तो पुलिस ने अरेस्ट करने से मना कर दिया, लेकिन मेरे बाकी साथियों को अरेस्ट किया गया, जबकि प्रोटेस्ट मैं लीड कर रहा था.

कैसे शुरू हुआ विवाद
गुरुवार को हिसार में दिग्विजय चौटाला के साथ जेजेपी कार्यकर्ताओं ने जीजेयू में प्रदर्शन किया था. प्रदर्शनकारी यूनिवर्सिटी में पहुंचे थे. इस दौरान पुलिस के साथ गहमागहमी हुई थी. पुलिस ने सिटी थाने में मुकदमा दर्ज किया. इसी मामले में गिरफ्तारियां की गई हैं.