हरियाणा में युवक की बेरहमी से हत्या, खंडहर मकान में मिला खून से लथपथ शव

पानीपत | पानीपत में एक युवक की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई. हत्या के बाद उसके शव को शहर के पॉश इलाके सेक्टर 13/17 में एक खंडहर मकान में फेंक दिया गया. सोमवार को कुछ लोगों ने वहां शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की. हत्या सुएं जैसे किसी नुकीले हथियार से की गई है. मृतक के शरीर पर कई गहरे जख्म मिले है. एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से उंगलियों के निशान और अन्य साक्ष्य एकत्रित किए.

इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया. उधर, सूचना पर मिलने पर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए. परिवार के सदस्यों ने बताया कि उनके बेटे को रविवार की शाम को उसके कुछ दोस्त बुलाकर ले गए थे. पुलिस अब मृतक के उन दोस्तों को तलाश रही है, जो उसे बुलाकर ले गए थे.

पानीपत के हरि नगर का रहने वाला था मृतक
मृतक की पहचान पानीपत के हरि नगर के रहने वाले 22 वर्षीय विशाल के तौर पर हुई है. परिजन सतीश के अनुसार, विशाल रविवार को घर पर ही था. इसी दौरान मोहल्ले के ही कुछ युवक उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे. जब काफी देर तक विशाल वापस नहीं लौटा और उसका मोबाइल भी बंद आने लगा, तो परिवार वालों को चिंता हुई. परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की. विशाल की तलाश करते हुए परिजन जब सेक्टर 13/17 के एक सुनसान और खंडहर हो चुके मकान के पास पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. विशाल का खून से लथपथ शव फर्श पर पड़ा था. उसके शरीर पर गहरे जख्म थे, जो इस बात की गवाही दे रहे थे कि उसे तड़पा-तड़पा कर मौत के घाट उतारा गया है.

वारदात की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस और सीआईए (CIA) की टीमें मौके पर पहुंचीं. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से उंगलियों के निशान और अन्य साक्ष्य एकत्रित किए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पानीपत के सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है.

पुलिस संदिग्धों की धरपकड़ के लिए कर रही छापेमारी
विशाल की हत्या किसने और क्यों की, यह अभी रहस्य बना हुआ है. हालांकि, परिजनों ने उन युवकों पर शक जाहिर किया है जो उसे घर से बुलाकर ले गए थे. पुलिस उन संदिग्धों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है. इसके अलावा आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे है. पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.