Painting Cucumbers Railway Station: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर आप बाजार से सब्जियां खरीदने से पहले हजार बार सोचेंगे. बिहार के कटिहार रेलवे स्टेशन का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ महिलाएं खीरे को गहरे हरे रंग के घोल में डुबाकर उसे ‘ताजा’ दिखाने की कोशिश कर रही हैं. यह वीडियो न केवल हैरान करने वाला है, बल्कि पब्लिक हेल्थ और फूड सेफ्टी नियमों पर भी बड़े सवाल खड़े करता है. लोग इसे ‘धीमा जहर’ बता रहे हैं और प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
क्या है वायरल वीडियो में?
कटिहार रेलवे स्टेशन के पास शूट किए गए इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक महिला पानी से भरे बर्तनों के पास बैठी है. उसके हाथ में एक गहरे हरे रंग का तरल पदार्थ है. वह खीरे को उस घोल में डुबा रही है, जिससे खीरे का रंग अचानक बदल जाता है और वह बेहद चमकदार और गहरा हरा दिखने लगता है. पास ही बैठी दूसरी महिला खीरों को धोने और इस प्रक्रिया में मदद करती नजर आ रही है. वीडियो में असली और रंगे हुए खीरे का अंतर साफ नजर आ रहा है.
सेहत के लिए ‘बेहद खतरनाक’
विशेषज्ञों का कहना है कि सब्जियों को रंगने के लिए अक्सर मैलाकाइट ग्रीन (Malachite Green) जैसे रसायनों का इस्तेमाल किया जाता है, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद घातक होते हैं. ये रसायन पेट की गंभीर बीमारियों से लेकर कैंसर तक का कारण बन सकते हैं. कटिहार के इस वीडियो ने साबित कर दिया है कि मुनाफे के लिए कुछ लोग आम जनता की जान से खिलवाड़ करने में जरा भी संकोच नहीं करते हैं.
नेटिजन्स का फूटा गुस्सा
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई है. एक यूजर ने लिखा, “जब प्रशासन कार्रवाई करता है तो लोग इन्हें ‘गरीब’ कहकर बचाने लगते हैं, लेकिन ये गरीब नहीं बल्कि लोगों को जहर परोस रहे हैं.” वहीं एक अन्य यूजर ने सवाल उठाया कि रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थान पर इतनी बड़ी मिलावट आखिर कैसे चल रही है? लोगों ने मांग की है कि ऐसे लोगों को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए. हालांकि इस वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है. अभी तक इस मामले में किसी अधिकारी का बयान सामने नहीं आया है.
असली-नकली की पहचान कैसे करें?
अगर आप भी खीरा खरीदने जा रहे हैं, तो कुछ बातों का ध्यान रखें. अगर खीरा बहुत ज्यादा गहरा हरा और अप्राकृतिक रूप से चमक रहा है, तो सावधान हो जाएं. खीरे को रुई या गीले कपड़े से रगड़कर देखें, अगर रंग उतरता है तो वह मिलावटी है. हमेशा ताजी और प्राकृतिक दिखने वाली सब्जियां ही खरीदें और खाने से पहले उन्हें कम से कम 30 मिनट तक पानी में भिगोकर रखें.