सर्दियों में क्यों बढ़ जाता है हार्ट अटैक का रिस्क, कार्डियोलॉजिस्ट से जानें इसका कारण

सर्दियों के मौसम में हार्ट अटैक के मामले अधिक देखने को मिलते हैं. ऐसे में लोगों के जेहन में सवाल आता है कि आखिर ठंड के मौसम में हार्ट अटैक क्यों आता है ठंड का हार्ट से क्या संबंध है. असल में ठंडे मौसम की वजह से ब्लड सर्कुलेशन पर असर पड़ता है जिससे हार्ट के काम पर भी असर पड़ता है. ब्लड फ्लो स्लो होने की वजह से हार्ट पर खून पंप करने का दवाब बढ़ जाता है जिस वजह से हार्ट अटैक का रिस्क बढ़ जाता है. एशियन हॉस्पिटल के इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट चेयरमैन डॉ. सुब्रत अखौरी से जानते हैं सर्दियों में हार्ट अटैक के जोखिम को कैसे कम करें?

सर्दियों में ब्लड वेसल्स सिकुड़ जाती है
डॉक्टर के अनुसार ठंड के मौसम में शरीर नेचुरल गर्मी बनाए रखने के लिए ब्लड वेसल्स को सिकोड़ देता है, मेडिकल भाषा में इसे Vasoconstriction कहते हैं. जब ब्लड वेसल्स सिकुड़ती है तो ब्लड का फ्लो स्लो हो जाता है जिससे हार्ट पर खून पंप करने का दबाव बढ़ जाता है. ऐसे में दिल को काफी ताकत लगानी पड़ती है. वहीं किसी इंसान की धमनियों में पहले से ही ब्लॉकेज की समस्या है तो सिकुड़ी हुई से ब्लड फ्लो में काफी दिक्कत आती है ऐसे में हार्ट अटैक का रिस्क बढ़ जाता है.

ब्लड प्रेशर की जांच
सर्दियों के मौसम में ब्लड वेसल्स के सिकुड़ने से ब्लड प्रेशर पर असर पड़ता है. ऐसे में सर्दियों के मौसम में टाइम टू टाइम बीपी की जांच करानी चाहिए. जांच कराने से आने वाले खतरे से बचा जा सकता है. सुबह के समय अचानक ब्लड प्रेशर बढ़ता है क्योंकि खून गाढ़ा हो जाता है. ऐसे में बीपी की जांच कराते रहना चाहिए.

सुबह-सुबह ना करें ये काम
सुबह-सुबह ठंडे पानी से नहाना नहीं चाहिए, ना ही अचानक भारी एक्सरसाइज करना चाहिए, बिना गर्म कपड़ों के घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए, यह सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है. खासकर हाई ब्लड प्रेशर के मरीज को सर्दियों के दिनों सुबह-सुबह सावधानी जरूर बरतनी चाहिए.