हिमाचल पंचायत चुनाव: दूसरे चरण में मौसम मेहरबान, पोलिंग बूथ पर लगी वोटरों की लाइनें; ऊना के बसोली में झड़प

ऊना। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान चल रहा है। मतदान के बीच मौसम मेहरबान हुआ है, लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली है। प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में बादल छाए हुए हैं। सूरज बादलों के पीछे छिपे होने के कारण धूप नहीं है। इस कारण मौसम सुहावना बना हुआ है। ऐसे में वोटर खुलकर बाहर निकल रहे हैं।प्रदेश के सबसे गर्म माने जाने वाले जिला ऊना में भी बादल छाए हुए हैं। यहां सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। सुबह 9 बजे तक जिले की 83 पंचायतों में कुल 23.17 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान केंद्रों पर सुबह से मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

बुजुर्ग व महिलाएं भारी तादाद में मतदान के लिए निकले
इस दौरान मौसम भी मतदाताओं के लिए राहत भरा रहा। आसमान में हल्के बादल छाए रहने और सूर्य की तपिश कम होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम अनुकूल रहने के कारण बुजुर्ग, महिलाएं और युवा मतदाता भी बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों तक पहुंचे। प्रशासन द्वारा मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

बसोली पंचायत में दो पक्षों में झड़प
बसोली पंचायत में मतदान प्रक्रिया के दौरान दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच गहमागहमी का माहौल बन गया। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस होने लगी, लेकिन स्थिति बिगड़ने से पहले ही मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को मतदान केंद्र परिसर से बाहर कर दिया। पुलिस की तत्परता से स्थिति जल्द सामान्य हो गई और मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्वक जारी रही।