हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान के बेटे आर्यन चौहान पर जानलेवा हमले के केस में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. तीसरे आरोपी की तलाश जारी है.
गौर रहे कि बीते शुक्रवार 20 मार्च को शिमला के मशोबरा में प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान के बेटे आर्यन चौहान पर हमला किया गया था. इस दौरान आरोपियों ने अपनी कार सड़क पर लगा दी थी और जब आर्यन कार से जा रहा था तो उसे गोली मारने की कोशिश की. हालांकि, पीड़ित ने अपनी गाड़ी छोड़कर नीचे की तरफ छलांग लगा दी थी और अपनी जान बचाई थी. ढली थाना पुलिस केस दर्ज करने के बाद मामले की जांच कर रही है.
आरोपियों ने मनाली की फर्जी नंबर प्लेट गाड़ी पर लगाई थी और गाड़ी का चैसिज नंबर भी मिटा दिया था. सूत्रों ने बताया कि पुलिस की टीमें शिमला में विभिन्न कार एंजेसी में गाड़ी का असली चेसी नंबर पता करने के लिए गई थी. जांच में पता चला है कि शातिर आरोपियों ने गाड़ी की नकली चाबी भी बनवाई थी और साथ ही गाड़ी के सॉफ्टवेयर से भी छेड़छाड़ की थी. इस वजह से शिमला पुलिस को गाड़ी के असली रिकार्ड के बारे में पता करने में भी परेशानी हुई.