कसौली: सोलन जिले में गैस सिलेंडर लीक होने से ब्लास्ट का मामला सामने आया. ग्राम पंचायत धर्मपुर के निचला मोहल्ला में गैस सिलेंडर लीक होने से बड़ा धमाका हो गया. इस हादसे में एक युवक घायल हो गया. युवक को एंबुलेंस की मदद से तुरंत कम्यूनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) धर्मपुर ले जाया गया. जहां युवक को प्राथमिक उपचार देने के बाद रीजनल हॉस्पिटल सोलन के लिए रेफर कर दिया गया. जहां युवक का इलाज जारी है.
खंड चिकित्सा अधिकारी धर्मपुर डॉ. परविंदर सिंह ने बताया, “रसोई गैस लीक होने से झुलसे युवक को प्राथमिक उपचार दिया गया. इसके बाद आगामी उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन भेजा गया है.”
ब्लास्ट से टूटे खिड़कियों के शीशे
वहीं, सिलेंडर ब्लास्ट के बाद धर्मपुर बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. ब्लास्ट इतना जोरदार था कि मकान की सभी खिड़कियों के शीशे भी टूट गए और घर में सारा सामान बिखर गया. धमाका होने से मकान को काफी नुकसान पहुंचा है. वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई. वहीं, इस धमाके से लोगों में भी दहशत है. गनीमत रही की कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ.
काफी समय से लीक हो रही थी गैस
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सतबीर सिंह (उम्र 25 साल) बुधवार शाम करीब 7:30 बजे घर आया. घन आने के जैसे ही उसने लाइट ऑन की, वैसे ही जोरदार धमाका हो गया. जिसमें सतबीर सिंह बुरी तरह से घायल हो गया. सतबीर सिंह धर्मपुर बाजार में चने-कुलचे की रेहड़ी लगाता है और निचला मोहल्ला में किराए के मकान में रहता है. पुलिस के मुताबिक घर में काफी देर से गैस रिसाव हो रही थी, ऐसे में शाम को लाइट ऑन करते ही धमाका हो गया.
स्थानीय युवक आदित्य कालरा ने बताया, “जैसे ही धमाके की आवाज सुनाई दी हम घर से बाहर निकले. हमने देखा की साथ वाले मकान में आग की लपटें हैं. इसके बाद पहले तो फौरन आग पर काबू पाया गया और व्यक्ति को वहां से निकाला. अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए. धमाके से वहां एक दम गर्जना हुई. जिससे हम सब सहम भी गए थे. उसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी गई. स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव करते हुए घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल पहुंचाया.”