चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जिले के सिल्लाघ्राट पटवा सर्किल में रिश्वत न लेने पर एक व्यक्ति ने पटवारी की जमकर पिटाई कर दी. इस दौरान पटवारखाने में तैनात चौकीदार जब बीच में आया तो उसकी भी पिटाई कर दी, जिसके चलते उसे भी गहरी चोटें आईं हैं. घटना की शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
रिश्वत न लेने पर पटवारी की पिटाई
घटना शुक्रवार, 2 जनवरी है और पीड़ित पटवारी मुकेश कुमार ने रविवार 4 जनवरी को सदर थाना चंबा में शिकायत कराने पहुंचे. पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति 2 लोगों के साथ पटवारखाने पहुंचा और पटवारी से गलत रिपोर्ट बनाने का दबाव बनाने लगा. जबरदस्ती रिश्वत देने के बाद जब पटवारी ने रिश्वत नहीं ली तो आरोपी ने अपने दोस्तों के साथ पटवारी की जमकर पिटाई कर दी. मारपीट में पटवारी को काफी चोटें आई हैं. उनके कपड़े भी फट गए. वारदात के बाद पटवारी सदर पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया है.
क्या कहना है पीड़ित पटवारी का?
पटवारी मुकेश कुमार ने बताया कि, “किसी घराट कूहल के लिए एक व्यक्ति दो लोगों के साथ कार्यालय आया और बोला कि उस कूहल के रिपोर्ट मेरे पक्ष में डाल दो. मैंने उन्हें मना किया तो उस व्यक्ति ने मेरे टेबल पर पैसे फेंके और अपने साथ आए लोगों से कहा कि इसकी वीडियो बनाओ. इसके बाद उसके साथियों ने मेरी बाजू पकड़ी और जोर-जोर से खींचने लगे. बड़ी मुश्किल से वहां से भागा और किसी तरह से अपनी जान बचाई.”
मामले की जांच में जुटी पुलिस
वहीं, एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि, “उक्त मामले में व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले की निष्पक्षता के साथ जांच कर रही है और दोनों पक्षों को अपनी बात कहने का मौका दिया जाएगा. पटवारी के साथ हुए मारपीट मामले को लेकर कर्मचारी यूनियन चंबा के अध्यक्ष प्रवीण कुमार मेहता ने पुलिस से उक्त व्यक्ति के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है, ताकि कर्मचारी आसानी से अपने कार्यालय में काम कर सकें.”