हिमाचल आ रहे पर्यटकों को झटका, सिस्सू 39 दिनों तक रहेगा बंद; आदेश जारी

मनाली। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले की घाटी के सिस्सू में 20 जनवरी से 28 फरवरी तक सभी पर्यटन गतिविधियों पर रोक लग जाएगी। स्थानीय पंचायत ने देव प्रतिबंध के कारण यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

सिस्सू पंचायत के प्रधान राजीव के अनुसार यह निर्णय नववर्ष में मनाए जाने वाले महत्वपूर्ण धार्मिक त्योहारों हालड़ा और पूणा के दौरान शांति बनाए रखने के लिए लिया गया है। इस अवधि में पागलनाला से रोपसंग तक सभी पर्यटन गतिविधियां बंद रहेंगी।

पर्यटक नहीं कर पाएंगे एडवेंचर
एटीवी राइडिंग, हॉट बलून, जिप लाइन, स्कीइंग, बंजी जंपिंग और ट्यूब स्लाइडिंग जैसी साहसिक गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पंचायत ने यह निर्णय राजा घेपन कमेटी, देवी भोटी कमेटी, लबरंग गोम्पा कमेटी और सिस्सू पंचायत के महिला व युवक मंडलों की सहमति से लिया गया है। प्रधान राजीव ने बताया कि पंचायत ने सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया है।

उन्होंने बताया कि प्रस्ताव की प्रतिलिपि उपायुक्त लाहौल स्पीति सहित एसडीएम केलंग व एसपी केलंग को भी भेज दी है। उन्होंने सभी लोगों से देव आदेशों का पालन करने का आग्रह किया है।

पहाड़ों पर कैसा है मौसम
प्रदेश में पहाडों पर पारा चढ़ने से सुबह और शाम की ठंडक से राहत मिली है। बरठीं, हमीरपुर, मंडी, कांगड़ा व ऊना में कडी शीतलहर चली। रिकांगपिओ में न्यूनतम तापमान में 6.4, कल्पा में 4.4, शिमला में 5.3, पालमपुर में तीन डिग्री सेल्सियस वृद्धि दर्ज की गई है। सोमवार को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्के बादल रहे, जबकि निचले क्षेत्रों में धूप निकली। पांवटा साहिब, सुंदरनगर व बिलासपुर में सुबह कोहरा छाया रहा। सोमवार को कोहरा कम पड़ा। सबसे कम दृश्यता पांवटा साहिब में करीब 300 मीटर रही। एक सप्ताह से करीब 100 मीटर दृश्यता रह रही थी।