हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में खाई में दो युवकों के शव संदिग्ध हाल में मिले हैं. भावानगर थाना पुलिस ने दोनों शवों को खाई से निकाला है. हालांकि, यह पता नहीं चला है कि घटना के पीछे के कारण क्या है. लेकिन बताया जा रहा है कि दोनों युवक खाई में गिरे थे.
पुलिस टीम ने एक युवक का शव करीब 30 फीट गहरी खाई से बाहर निकला और दूसरे युवक का शव करीब 120 फीट गहरी खाई में बरामद किया गया. मृतकों की पहचान अंकित निवासी भावानगर और संजीव निवासी गांव पानवी, किन्नौर के रूप में हुई है. भावानगर अस्पताल में सोमवार को शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा.
बताया जा रहा है कि लड़ाई और मारपीट के दौरान दोनों युवक नीचे गिरे हैं. हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है. किन्नौर से भाजपा नेता सूरत सिंह नेगी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि भाबा नगर में आज हुए दुःखद दुर्घटना में दो नौजवान हम सब को छोड़कर चले गए हैं. मैं परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूँ.
हादसे को लेकर सवाल
गौरतलब है कि युवकों की मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. सबसे पहला सवाल यह है कि दोनों युवक खाई में कैसे पहुंचे, क्या उनके साथ कोई हादसा हुआ या फिर उन्हें मार कर फैंका गया.