शिमला में गहरी खाई में गिरी कार, मल्टी टास्क वर्कर समेत 2 की मौत

शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के चौपाल उपमंडल के अंतर्गत नेरवा क्षेत्र में रविवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. यहां ग्राम पंचायत पुजारली के दोछी के समीप किरी–नाव सड़क मार्ग पर एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. इस भीषण दुर्घटना में कार सवार दोनों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई है. हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक ऑल्टो कार (HP-08A-8441) किरी–नाव मार्ग से गुजर रही थी. दोछी के पास अचानक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार सड़क से फिसलकर लगभग 100 से 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. खाई इतनी गहरी थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दोनों लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला.

पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव

मृतक की पहचान नरेश कुमार (35 वर्ष) निवासी गांव दोछी, डाकघर रूसलाह, तहसील नेरवा, जिला शिमला के रूप में हुई है. नरेश कुमार लोक निर्माण विभाग में बतौर मल्टीटास्क वर्कर कार्यरत थे. विभाग के अधिकारियों को हादसे की सूचना दे दी गई है. वहीं, दूसरे मृतक की पहचान जितेन्द्र, निवासी चाडचधार (धबास), तहसील नेरवा, जिला शिमला के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही नेरवा थाना पुलिस की टीम तुरंत राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर रवाना हुई. स्थानीय प्रशासन को भी हादसे की जानकारी दे दी गई है. पुलिस ने शवों को खाई से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.