मंडी. हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बर्फबारी के बीच एक कार हादसे का शिकार हो गई. बर्फ पर फिलसने से कार काफी गहरी खाई में गिर गई और हादसे में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी घायल हैं. अहम बात है कि घायल पत्नी खुद खाई से निकलकर सड़क तक पहुंची, तब जाकर हादसे का पता चला.
जानकारी के अनुसार, जिले के सराज घाटी के पुलिस थाना जंजैहली के तहत मगरूगला में सोमवार देर शाम यह घटना पेश आई.
बताया जा रहा है कि अमित गौतम (34) पुत्र अमर सिंह, निवासी सेउबाग बबेली, कुल्लू, अपनी पत्नी पूनम के साथ कार के साथ कार में सवार होकर कहीं जा रहे थे. जैसे ही वे मगरूगला के समीप पहुंचे, इसी दौरान अचानक तेज मोड़ पर कार बर्फबारी के कारण स्किड हो गई और अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा लुढ़क गई.
रात को एक और हादसा
सोमवार को सराज घाटी में एक और हादसा देखने को मिला. बगस्याड में देर रात को हुए हादसे में नेक राम (46) गांव सुनान, कांढी, थुनाग की कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी और उनकी मौत हो गई.गाड़ी में केवल नेक राम ही सवार थे. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया.