हिमाचल में मुख्य सचिव-DGP बदले जाएंगे:अफसरशाही में बड़ा फेरबदल होगा; सक्सेना की एक्सटेंशन अवधि कल पूरी, 4 महीने से रेगुलर DGP नहीं

हिमाचल प्रदेश की अफसरशाही और पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल होने वाला है। मुख्य सचिव (CS) प्रबोध सक्सेना का छह माह का सेवा विस्तार कल (30 सितंबर को) पूरा हो रहा है। इसलिए, नए CS को लेकर लॉबिंग शुरू हो गई है।

राज्य में नया पुलिस महानिदेशक (DGP) भी बनाया जाना है। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अभी अशोक तिवारी को एक्टिंग DGP बना रखा है। अब विस्तार से जानिए.. कौन अधिकारी नए CS और DGP की रेस में..

सबसे पहले बात करेंगे CS की, सीएस की रेस में चार नाम है…

सीनियॉरिटी देखी गई तो गुप्ता को मिल सकती है कमान- सीनियॉरिटी देखी गई तो 1988 बैच के सबसे सीनियर IAS संजय गुप्ता को चीफ सेक्रेटरी बनाया जा सकता है। हालांकि, गुप्ता पहले भी दो बार इग्नोर किए जा चुके हैं। पूर्व जयराम सरकार ने संजय गुप्ता की सीनियॉरिटी को दरकिनार करते हुए आरडी धीमान को CS बनाया था। सीएम सुखविंदर सुक्खू ने भी गुप्ता की सीनियॉरिटी की नजरअंदाज करते हुए प्रबोध सक्सेना को अफसरशाही का मुखिया बनाया। संजय गुप्ता 31 मई 2026 को रिटायर होंगे।

केके पंत की दावेदारी सबसे मजबूत- सीनियॉरिटी में दूसरे नंबर पर 1993 बैच के कमलेश कुमार पंत हैं। बीते साल तक वह केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली में थे। मगर, अगस्त 2024 में दिल्ली स्थित हिमाचल भवन में सीएम सुक्खू से मुलाकात के बाद ही वह हिमाचल लौटे हैं। उनकी मुलाकात के बाद चर्चा रही कि सीएम सुक्खू ने पंत को अगला मुख्य सचिव बनाने भरोसा देकर हिमाचल वापस बुलाया है। केके पंत 31 दिसंबर 2030 को रिटायर होंगे। ऐसे में यदि पंत सीएस बनाए गए तो इस पर उनका लंबा कार्यकाल रहेगा। मौजूदा हालात में पंत को नए CS का सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा है।

ओंकार की दावेदारी कमजोर पड़ी- CS के लिए छह महीने पहले तक 1994 बैच के ओंकार चंद शर्मा की दावेदारी को मजबूत माना जा रहा था। मगर HPPCL के चीफ इंजीनियर विमल नेगी की कथित आत्महत्या मामले की जांच के बाद ओंकार शर्मा के सीएम के साथ संबंध पहले जैसे नहीं माने जा रहे। इस वजह से उनकी दावेदारी पहले की तुलना में कमजोर पड़ी है।

अनुराधा के सीएस बनने की संभावना नहीं- ओंकार शर्मा के बाद सीनियॉरिटी में अनुराधा शर्मा का नाम है। बीते अगस्त माह में दिल्ली में सीएम सुक्खू से अनुराधा की मुलाकात के बाद चर्चा उठी थी कि सुक्खू अनुराधा को भी चीफ सेक्रेटरी बना सकते हैं। मगर वह अभी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं और वापस नहीं लौटी। इससे अनुराधा के सीएस बनने की कम संभावना है।

एक्टिंग CS के विकल्प की भी संभावना

चर्चा यह है कि सीएम सुक्खू प्रबोध सक्सेना को फिर से सेवा विस्तार देना चाह रहे हैं। इसके लिए, राज्य सरकार ने बाकायदा केंद्र को पत्र लिख रहा है। मगर सक्सेना को 30 सितंबर तक दिए गए सेवा विस्तार का मामला पहले ही हाईकोर्ट में विचाराधीन है। इस पर अदालत का फैसला आना बाकी है। इसे देखते हुए सीएम सुक्खू अदालत के फैसले तक एक्टिंग CS के विकल्प पर भी विचार कर सकते हैं। CS बदला गया तो अफसरशाही और इनके विभागों में बड़े स्तर पर फेरबदल होना तय है। यह फेरबदल इसी सप्ताह देखने को मिल सकता है।

[Image: हिमाचल के अगले DGP हो सकते हैं श्याम भगत नेगी।]

हिमाचल के अगले DGP हो सकते हैं श्याम भगत नेगी।
4 महीने से रेगुलर DGP नहीं लगा पाई सरकार

हिमाचल में 4 महीने से रेगुलर DGP की नियुक्ति नहीं की गई। सीएम सुक्खू ने अभी 1993 बैच के IPS अशोक तिवारी को एक्टिंग डीजीपी लगा रखा है। 31 मई को 1991 बैच के IPS डॉ. अतुल वर्मा इस पद से रिटायर हुए थे। इसके बाद, नए DGP के लिए चार-पांच नामों पर चर्चा शुरू हुई थी।

बीते एक अगस्त केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे श्याम भगत नेगी पुलिस मुख्यालय शिमला में ड्यूटी जॉइन कर चुके हैं। तब से लेकर उनके DGP बनने की चर्चाएं है। मगर, अब तक आदेश नहीं किए गए। सीनियॉरिटी में टॉप-5 IPS में से 4 अधिकारी केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर हैं। इससे श्याम भगत नेगी का DGP बनना तय माना जा रहा है।