धर्मशाला. हिमाचल के कांगड़ा में जमीनी विवाद के चलते भतीजे ने अपने चाचा की हत्या कर दी. घटना कांगड़ा के विधानसभा क्षेत्र नगरोटा बगवां के लुद्रेडा गांव की है जहां एक भतीजे के ऊपर अपने ही सगे चाचा की जान लेने के आरोप लगे हैं, जानकारी के मुताबिक आरोपी भतीजे ने अपने चाचा पर चाकू से ताबड़तोड़ 8 वार किए जिसके चलते चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया. इस अवस्था में परिजन और ग्रामीण घायल शख्स को टांडा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
डीएसपी कांगड़ा अंकित शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है. हत्या के पीछे की वजहों की तफ्तीश की जा रही है.
जानकारी के अनुसार, चाचा अशोक कुमार सुबह घर से मजदूरी के लिए निकले थे. इसी दौरान रास्ते में उनका भतीजे सुखबिंदर से सामना हो गया. दोनों के बीच कहासुनी हुई और देखते ही देखते सुखबिंदर ने जेब से चाकू निकाला और अशोक कुमार पर वार कर दिए. इस हत्याकांड के पीछे वजह जमीन विवाद बताया जा रहा है.
उधर, हत्या के आरोपी सखुविंदर की उम्र 26 साल है और वह अभी कुंवारा है और कुछ भी नहीं करता है.
डीएसपी अंकित शर्मा ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि भतीजे ने चाचा पर हमला किया था. हमने दो टीमें बनाई और एक टीम ने आरोपी को पकड़ा और दूसरी ने क्राइम सीन को सील किया. अंकित ने बताया कि आरोपी भतीजे ने कुबूल किया है वह उसने ही चाचा पर हमला किया था. डीएसपी ने बताया कि पहले भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था और नगरोटा बगवां में पहले भी मामला दर्ज हुआ था. अंकित ने बताया कि अशोक के शरीर 7-8 घाव साफ साफ नजर आए हैं और अब बॉडी का पोस्टमार्टम किया जाएगा, फिर सब कुछ साफ होगा.