शिमला : हिमाचल प्रदेश में रविवार की सुबह चंबा-पठानकोट नेशनल हाईवे पर एक कार रावी नदी में गिर गई। इस हादसे में एक डॉक्टर की मौत हो गई और दो इंटर्न डॉक्टर घायल हो गए, वहीं एक का अभी भी कोई पता नहीं चल पाया है। यह घटना चंबा के परेल में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चारों डॉक्टर चंबा मेडिकल कॉलेज में इंटर्न
पुलिस के अनुसार, चारों डॉक्टर चंबा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में इंटर्न थे। वे रात करीब 2.30 बजे अपने हॉस्पिटल पर लौट रहे थे, तभी उनकी कार रावी नदी में गिर गई। हादसे में हमीरपुर जिले के रहने वाले अखिलेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, शिमला जिले के रोहरू की रहने वाली इशिका नदी के तेज बहाव में बह गईं। हादसे में शिमला के रहने वाले रिशांत और सोलन के रहने वाले दिव्यांक भी घायल हो गए। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत अब स्थिर है।
अब तक 320 लोगों की गई जान
हिमाचल प्रदेश में इस साल भारी बारिश ने जमकर तबाही मचाई है। शुरुआती अनुमान के अनुसार, राज्य में 320 लोगों की जान चली गई है और लगभग 3 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है। इस साल प्रदेश भर में लैंडस्लाइड और बादल फटने की कई घटनाएं देखने को मिली हैं। जिससे हिमाचल के अलग-अलग हिस्सों में सड़कों को भी भारी नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक सितंबर को हिमाचल को आपदा प्रभावित राज्य घोषित किया था।