चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. सलूणी क्षेत्र की ग्राम पंचायत लनोट के तानी, फगड़ोग, नारद, लनोट और आसपास के गांवों में बारिश से काफी नुकसान हुआ है. कई घरों में मलबा और बारिश का पानी घुसने से जनजीवन अस्त-व्यस्त है.
भारी बारिश के कारण गांवों के घरों और संपर्क मार्ग के आसपास मलबा जमा हो गया है. लोग घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं. लगातार हो रही बारिश के चलते हिमाचल प्रदेश के चंबा–तीसा मुख्य मार्ग पर पंगोला नाली के पास भारी मलबा और पत्थर सड़क पर आकर गिरने से रास्ता बंद है. जिससे करीब 25 पंचायतों की आवाजाही प्रभावित हुई है. प्रशासन और राहत बचाव टीमें जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम कर रही हैं.
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराकर नुकसान का आकलन किया जाए. जिन घरों और रास्तों को बारिश से नुकसान हुआ है, वहां सुरक्षा एवं राहत कार्य तेजी से किया जाए. अगर बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो स्थिति गंभीर हो सकती है. प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि मौसम साफ होने तक अनावश्यक यात्रा न करें.
बता दें कि हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर जारी है. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा हमेशा बना रहता है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहना बहुत जरूरी है. मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई है.